
अलीगढ़ में पुलिस विभाग की छवि को धूमिल करने वाले एक सिपाही के खिलाफ सख्त कार्रवाई की गई है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नीरज कुमार जादौन के निर्देश पर आरोपी सिपाही इमरान खान को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है।
आरोप है कि सिपाही ने एक रेप पीड़िता से अश्लील बातें कीं और उससे शारीरिक संबंध बनाने की मांग की। पीड़िता का कहना है कि आरोपी सिपाही ने केस में कार्रवाई करने और मुख्य आरोपी को जेल भेजने के बदले उसके सामने आपत्तिजनक शर्त रखी थी।
इतना ही नहीं, सिपाही ने पीड़िता को लालच देते हुए ईद के कपड़े दिलाने का भी प्रस्ताव रखा और उसे अपने कमरे पर बुलाने का दबाव बनाया। उसने कथित तौर पर कहा कि यदि वह उसकी बात मान लेती है, तभी वह मुकदमा दर्ज कराकर आरोपी के खिलाफ कार्रवाई करेगा।
मामले की शिकायत सामने आने के बाद एसएसपी के आदेश पर जांच कराई गई, जिसमें सिपाही को दोषी पाया गया। इसके बाद तत्काल प्रभाव से उसे गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि इस तरह के मामलों में दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी और पीड़ित को न्याय दिलाने में कोई लापरवाही नहीं बरती जाएगी।









