
अमृतपुर क्राइम संवाददाता विनोद कुमार की रिपोर्ट
फर्रुखाबाद के राजेपुर कस्बे में विकास कार्य के नाम पर की गई सड़क खुदाई अब लोगों के लिए भारी परेशानी का कारण बन गई है। पिछले करीब तीन महीनों से खुदी पड़ी यह मुख्य सड़क अब बदहाली की चरम स्थिति में पहुंच चुकी है।
यह सड़क थाना, ब्लॉक कार्यालय और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) को जोड़ने वाला प्रमुख मार्ग है, लेकिन विडंबना यह है कि खुदाई के बाद अब तक निर्माण कार्य शुरू नहीं किया गया। 8 अप्रैल को हुई तेज बारिश ने हालात और भी बदतर कर दिए। सड़क पर बने गहरे गड्ढों में करीब एक फीट तक पानी भर गया, जिससे रास्ता तालाब जैसा नजर आने लगा।
राहगीरों के लिए इस मार्ग से गुजरना बेहद मुश्किल हो गया है। हालात इतने खराब हैं कि पैदल चलना भी जोखिम भरा बन चुका है। स्थानीय दुकानदारों का कहना है कि सड़क की दुर्दशा के कारण उनके व्यापार पर सीधा असर पड़ा है और ग्राहक आना लगभग बंद हो गए हैं, जिससे उन्हें आर्थिक नुकसान झेलना पड़ रहा है।
स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि सड़क को करीब 3 फीट तक खोदकर अधूरा छोड़ दिया गया है। बारिश के बाद गड्ढों में पानी भरने से दुर्घटनाओं का खतरा लगातार बढ़ रहा है। लोगों का सवाल है कि यदि कोई हादसा होता है तो इसकी जिम्मेदारी कौन लेगा।
सबसे गंभीर चिंता यह है कि इसी मार्ग से मरीजों को CHC अस्पताल ले जाया जाता है, लेकिन खराब सड़क के कारण आपातकालीन स्थिति में मरीजों को समय पर उपचार मिलना मुश्किल हो रहा है।
जब इस संबंध में संबंधित अधिकारियों से बात की गई, तो उन्होंने तर्क दिया कि सड़क पर पानी होने के कारण निर्माण कार्य फिलहाल संभव नहीं है और जमीन सूखने के बाद ही काम शुरू किया जाएगा। हालांकि स्थानीय लोगों का आरोप है कि यह केवल बहाना है, क्योंकि पहले ही तीन महीने बीत चुके हैं और अब हालात और भी खराब हो गए हैं।
स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन से जल्द से जल्द सड़क निर्माण कार्य शुरू कर उसे पूरा कराने की मांग की है, ताकि लोगों को इस गंभीर समस्या से राहत मिल सके दिलीप पत्रकार राजेपुर









