
फर्रुखाबाद
फतेहगढ़ में रविवार शाम कासगंज-लखनऊ पैसेंजर ट्रेन की चपेट में आने से एक 21 वर्षीय युवक की मौत हो गई थी। हादसे के बाद शव क्षत-विक्षत होने के कारण देर तक पहचान नहीं हो सकी थी। बाद में पुलिस द्वारा परिजनों से संपर्क कर शव की शिनाख्त करवाई गई।
पिता द्वारा की गई शिनाख्त
कोतवाली पुलिस के अनुसार थाना जलालाबाद क्षेत्र के गांव तापर निवासी सुरेंद्र पाल द्वारा मृतक की पहचान अपने पुत्र जतिन पाल उम्र 21 वर्ष के रूप में की गई। पहचान होने के बाद लगभग आधे घंटे बाद ट्रेन को आगे के लिए रवाना किया जा सका।
मानसिक रूप से बीमार था युवक
कोतवाली के उपनिरीक्षक कासिफ हनीफ द्वारा बताया गया कि सुरेंद्र पाल से फोन पर हुई बातचीत में उन्होंने जानकारी दी कि उनके बेटे जतिन का मानसिक संतुलन ठीक नहीं था। वह अक्सर जान देने की धमकी देता था और रविवार को भी घर से नाराज होकर निकला था।
पुलिस द्वारा शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। परिजनों द्वारा किसी पर कोई संदेह नहीं जताया गया है। मामले में आवश्यक कार्रवाई प्रचलित है।









