
संडीला, हरदोई
तहसील विधिक सेवा समिति संडीला द्वारा मंगलवार 05 अगस्त 2026 को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र संडीला में “विश्व स्तनपान सप्ताह” के अंतर्गत नवजात शिशुओं को माता का स्तनपान कराए जाने हेतु जागरूकता और “मानसिक रोग व बौद्धिक अक्षमताओं से ग्रस्त व्यक्तियों के कानूनी अधिकार एवं नशीले पदार्थों के दुरुपयोग से बचाव” विषय पर विधिक जागरूकता शिविर आयोजित किया गया।
*कार्यक्रम की अध्यक्षता डॉ. मधुवन अवस्थी ने की*
राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण नई दिल्ली व उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण लखनऊ के निर्देश पर, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण हरदोई की अध्यक्ष/जनपद न्यायाधीश माननीया रीता कौशिक तथा प्रभारी सचिव सिविल जज सीनियर डिवीजन श्रीमती स्मिता गोस्वामी के मार्गदर्शन में यह शिविर आयोजित हुआ। तहसील विधिक सेवा समिति संडीला के सचिव/तहसीलदार श्री अमित यादव के निर्देशन में हुए कार्यक्रम की अध्यक्षता सीएचसी प्रभारी डॉ. मधुवन अवस्थी ने की।
*स्तनपान के 3 मुख्य संदेश दिए गए*
डॉ. मधुवन अवस्थी ने बताया कि हर वर्ष 1 से 7 अगस्त तक विश्व स्तनपान सप्ताह मनाया जाता है। इसका उद्देश्य माताओं को स्तनपान के प्रति जागरूक करना है।
1. जन्म के 1 घंटे के अंदर स्तनपान शुरू करें
2. पहला पीला गाढ़ा दूध “कोलेस्ट्रम” जरूर पिलाएं
यह नवजात की रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाता है
3. 6 महीने तक केवल स्तनपान – इस दौरान बच्चे को पानी या ऊपरी आहार न दें
उन्होंने बताया कि स्तनपान से शिशु को दस्त, निमोनिया व कुपोषण से बचाव होता है। वहीं माताओं में स्तन व अंडाशय के कैंसर तथा प्रसवोत्तर कमजोरी का खतरा कम होता है। गर्भवती और धात्री महिलाओं को संतुलित व पौष्टिक आहार लेने की सलाह भी दी गई।
मानसिक रोगियों के अधिकार बताए
लीगल एड क्लीनिक राममूर्ति के प्रतिनिधि ने बताया कि मानसिक रोग एवं बौद्धिक अक्षमता से ग्रस्त व्यक्तियों को भी समाज में सम्मान के साथ जीने का अधिकार है। संविधान के अनुच्छेद 14, 21, 39ए और दिव्यांगजन अधिकार अधिनियम 2016 के तहत उन्हें समान अवसर, मुफ्त स्वास्थ्य सेवा, समुदाय में रहने और मुफ्त विधिक सहायता का अधिकार प्राप्त है। ऐसे लोगों से भेदभाव न करने की अपील की गई।
शिविर में नशीली दवाओं, शराब व तंबाकू के दुरुपयोग से होने वाले शारीरिक व मानसिक नुकसान के बारे में भी विस्तार से बताया गया।
मुफ्त विधिक सहायता का टोल फ्री नंबर बताया
पीएलवी रामकिशोर ने उपस्थित लोगों को राष्ट्रीय लोक अदालत व जिला विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा दी जाने वाली मुफ्त विधिक सहायता की जानकारी दी। इसके लिए टोल फ्री नंबर 15100 बताया गया।
शिविर में अस्पताल का स्टाफ, आशा कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में महिलाएं व पुरुष उपस्थित रहे।

संडीला CHC में स्तनपान जागरूकता







