
हरदोई। अरवल थाना में तैनात एक उप निरीक्षक की अभद्र भाषा और कार्यशैली को लेकर भारतीय किसान मजदूर यूनियन दशहरी गुट ने कड़ा विरोध जताया है। यूनियन ने दरोगा पर निजी कंपनियों के इशारे पर किसानों को धमकाने और अवैध वसूली का आरोप लगाते हुए निलंबन की मांग की है।
भाकिमयू दशहरी गुट के जिलाध्यक्ष प्रमोद सिंह यादव ने पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार मीणा को शिकायती पत्र देकर बताया कि अरवल थाना में तैनात उप निरीक्षक मनोज कुमार गुप्ता निजी फाइनेंस कंपनियों के ऋण वसूली के मामलों में किसानों को थाने बुलाकर गाली-गलौज कर रहे हैं। बकाया जमा न करने पर मुकदमा दर्ज कर जेल भेजने की धमकी भी दी जा रही है।
जिलाध्यक्ष ने आरोपी दरोगा पर अवैध धन उगाही का भी आरोप लगाया है। उन्होंने पुलिस अधीक्षक से मांग की है कि मामले की जांच कराकर आरोपी उप निरीक्षक को तत्काल निलंबित किया जाए।
संगठन ने चेतावनी दी है कि यदि 26 अगस्त तक आरोपी दरोगा के विरुद्ध कार्रवाई नहीं हुई तो सैकड़ों किसानों और पदाधिकारियों के साथ अरवल थाना मुख्यालय का घेराव कर अनिश्चितकालीन धरना-प्रदर्शन किया जाएगा।









