
फर्रुखाबाद ब्यूरो चीफ आयुष कुमार की रिपोर्ट
फर्रुखाबाद। कमालगंज थाना क्षेत्र के गांव दौलतपुर के पास बुधवार को बिजली विभाग की बड़ी लापरवाही सामने आई। खेत में जमीन पर टूटी पड़ी 11 हजार वोल्ट की हाईटेंशन लाइन की चपेट में आने से एक गाय और उसके बछड़े की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद से ग्रामीणों में बिजली विभाग के खिलाफ भारी आक्रोश है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार अखमेलपुर निवासी समर पाल पुत्र झब्बू लाल बुधवार को अपनी गायों को चराने के लिए दौलतपुर के पास गए थे। इसी दौरान उनकी गाय अचानक वहां जमीन पर पड़ी टूटी हुई 11 हजार वोल्ट की लाइन की चपेट में आ गई। करंट इतना तेज था कि गाय की मौके पर ही मौत हो गई। बताया गया कि पास में ही मौजूद एक बछड़ा भी उसकी चपेट में आ गया, जिससे उसकी भी तड़प-तड़प कर मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर जमा हो गए। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि बिजली की लाइन कई घंटों से टूटी पड़ी थी, लेकिन विभाग ने न तो लाइन की मरम्मत कराई और न ही बिजली आपूर्ति बंद की। ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते विभाग ने ध्यान दिया होता तो इस हादसे को टाला जा सकता था। किसी इंसान के भी इस लाइन की चपेट में आने से बड़ा हादसा हो सकता था।
पीड़ित पशु मालिक समर पाल ने इस मामले की सूचना बिजली विभाग के जेई मदन चंद को दी। जेई ने मौके की जानकारी लेते हुए नियमानुसार मुआवजा दिलाने का आश्वासन दिया है। वहीं घटना को लेकर पीड़ित ने खुदागंज चौकी में प्रार्थना पत्र भी दिया है।
प्रार्थना पत्र मिलने के बाद चौकी प्रभारी सुभाष चंद्र ने मामले की जांच के आदेश दिए हैं। पुलिस और बिजली विभाग दोनों ही मामले की जांच में जुट गए हैं। ग्रामीणों ने मांग की है कि क्षेत्र में जर्जर और लटकती हुई बिजली लाइनों की तत्काल जांच कर मरम्मत कराई जाए, ताकि भविष्य में इस तरह के हादसों को रोका जा सके।









