
फर्रुखाबाद जनपद के पांचाल घाट स्थित गंगा तट पर लगे प्रसिद्ध रामनगरिया मेले में कड़ाके की ठंड के बावजूद श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ रही है। सर्द मौसम और दिनभर धूप न निकलने के बाद भी मेला क्षेत्र में रौनक बनी हुई है और मेला बाजार गुलजार नजर आ रहा है।

गंगा तट से लेकर मेला परिसर तक बड़ी संख्या में श्रद्धालु और पर्यटक मौजूद रहे। मनोरंजन क्षेत्र के सामने तथा फिक्स प्राइस दुकानों पर खरीदारी को लेकर लंबी कतारें लगी रहीं। खासकर महिलाओं में घरेलू उपयोग के सामान, बर्तन और गृहस्थी से जुड़ी वस्तुओं की खरीदारी को लेकर खासा उत्साह देखा गया।

मेले का आयोजन अब अपने अंतिम चरण में है और इसका समापन 3 फरवरी को होगा। श्रद्धालुओं की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए प्रशासन द्वारा व्यापक इंतजाम किए गए हैं। मेला क्षेत्र में पुलिस बल और पीएसी की तैनाती के साथ-साथ सीसीटीवी कैमरों से निगरानी की जा रही है। इसके अलावा फायर ब्रिगेड, एंबुलेंस सेवा और मेडिकल कैंप की व्यवस्था भी की गई है, ताकि किसी भी आपात स्थिति से निपटा जा सके।








