
(तहसील संवाददाता विजय चौहान की रिपोर्ट)
फर्रुखाबाद कमालगंज क्षेत्र के राठौरा मोहद्दीनपुर स्थित जवाहरलाल प्रेमा देवी जूनियर हाई स्कूल में राष्ट्रीय कृमि मुक्ति अभियान के तहत बच्चों को दवा खिलाई गई, जिसके बाद करीब 150 छात्र-छात्राओं की तबीयत अचानक बिगड़ गई। बच्चों में उल्टी, चक्कर, तेज पेट दर्द और कुछ के बेहोश होने की शिकायत सामने आई, जिससे स्कूल और आसपास के क्षेत्र में हड़कंप मच गया।
सूचना मिलते ही मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. अवनींद्र कुमार स्वयं सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कमालगंज पहुंचे और बीमार बच्चों का निरीक्षण कर उपचार की व्यवस्था कराई। गंभीर स्थिति वाले कुछ बच्चों को लोहिया अस्पताल रेफर किया गया, जबकि अन्य बच्चों को उपचार के लिए सीएचसी मोहम्मदाबाद भेजा गया।
स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, 10 फरवरी को जिले में राष्ट्रीय कृमि मुक्ति अभियान के तहत 1 से 19 वर्ष आयु वर्ग के कुल 9,07,820 बच्चों और किशोरों को कृमिनाशक दवा देने का लक्ष्य निर्धारित किया गया था। इस अभियान को सफल बनाने के लिए स्वास्थ्य विभाग के साथ शिक्षा, बाल विकास एवं पुष्टाहार, पंचायती राज सहित कुल 11 विभागों को जोड़ा गया था।
घटना के बाद परिजनों में भारी चिंता देखी गई। उन्होंने पूरे मामले की निष्पक्ष और उच्चस्तरीय जांच की मांग करते हुए कहा कि यदि समय पर इलाज न मिलता, तो यह घटना एक बड़े हादसे में बदल सकती थी।








