फर्रुखाबाद। थाना कादरीगेट क्षेत्र के मसेनी स्थित एक निजी अस्पताल में 25 वर्षीय प्रसूता की मौत के बाद परिजनों ने लापरवाही का आरोप लगाते हुए जमकर हंगामा किया। सूचना मिलते ही पुलिस और स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंचे। मामले की जांच शुरू कर दी गई है और अस्पताल को सील करने की कार्रवाई की गई है।

डिग्गी ताल निवासी राखी (25), पत्नी शिवकांत कश्यप, की शादी चार वर्ष पूर्व इटावा जनपद के ऊसराहार में हुई थी। प्रसव के लिए वह मायके आई थीं। 20 तारीख को उक्त अस्पताल में उनकी सामान्य डिलीवरी हुई थी, जिसमें बेटे का जन्म हुआ। परिजनों का कहना है कि डिलीवरी के बाद उन्हें छुट्टी दे दी गई थी और तबीयत सामान्य थी।

बताया गया कि बीती रात करीब तीन बजे अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई। परिजन उन्हें दोबारा उसी अस्पताल लेकर पहुंचे। आरोप है कि बिना समुचित जांच के दवा और इंजेक्शन दे दिया गया, जिसके बाद उनकी हालत और बिगड़ गई तथा पेट फूलने की शिकायत हुई। उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई।

पति शिवकांत कश्यप का कहना है कि अस्पताल में कौन-सी दवा या इंजेक्शन दिया गया, इसकी स्पष्ट जानकारी नहीं दी गई। वहीं मृतका की बहन स्वेता ने थाना कादरीगेट में तहरीर देकर अस्पताल स्टाफ पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की है। मौके पर मृतका के पिता रामलखन, मां सावित्री और भाई गौरव सहित अन्य परिजन मौजूद रहे।

घटना की सूचना पर सीओ सिटी ऐश्वर्या उपाध्याय और सीएमओ डॉ. अवनींद्र कुमार पहुंचे। सीएमओ ने बताया कि मामले की जांच के लिए तीन सदस्यीय समिति गठित की गई है। पोस्टमार्टम पैनल से कराया जाएगा और रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई होगी। अस्पताल को खाली कराकर सील करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। वहां भर्ती मरीजों को एम्बुलेंस से लोहिया अस्पताल भेजा गया है।








