फर्रुखाबाद। रंगों के पर्व होली को देखते हुए बिजली विभाग ने जिले में निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए विशेष इंतज़ाम किए हैं। त्योहार के दौरान किसी भी तरह की कटौती या बाधा न आए, इसके लिए अधिकारियों और कर्मचारियों की छुट्टियां रद्द कर दी गई हैं। साथ ही त्वरित शिकायत निस्तारण के लिए एक विशेष कंट्रोल रूम भी स्थापित किया गया है।

होलिका दहन स्थलों पर विशेष निगरानी
अधीक्षण अभियंता यादवेंद्र सिंह ने बताया कि हर उपकेंद्र पर टीमों को अलर्ट मोड पर रखा गया है। संवेदनशील इलाकों और विशेषकर होलिका दहन स्थलों पर अलग से निगरानी टीम तैनात की जाएगी। आपात स्थिति को छोड़कर किसी भी अधिकारी-कर्मचारी को अवकाश नहीं दिया जाएगा और सभी को हर समय मोबाइल कॉल रिसीव करने के निर्देश दिए गए हैं।
क्षेत्र भ्रमण और फॉल्ट सुधार के आदेश
तीनों वितरण खंडों के अधिशासी अभियंताओं, एसडीओ और अवर अभियंताओं को अपने-अपने क्षेत्रों का निरीक्षण करने के निर्देश दिए गए हैं। यदि कहीं झूलते तार या केबल मिलते हैं तो उन्हें तुरंत ठीक कराया जाएगा। विभागीय स्टोर में जरूरी सामग्री पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध रखने के निर्देश भी दिए गए हैं, ताकि किसी भी फॉल्ट को तत्काल ठीक कर बिजली आपूर्ति बहाल की जा सके।

चार दिन सक्रिय रहेगा कंट्रोल रूम
उपभोक्ताओं की शिकायतों के शीघ्र समाधान के लिए कार्यालय परिसर में चार दिनों तक विशेष कंट्रोल रूम संचालित होगा। इसमें तीन शिफ्टों में कर्मचारी तैनात रहेंगे और अधिशासी अभियंता (परीक्षण) को नोडल अधिकारी बनाया गया है।
त्योहार के दौरान यदि किसी उपभोक्ता को बिजली संबंधी समस्या होती है, तो वे हेल्पलाइन नंबर 9151803595 पर संपर्क कर सकते हैं। विभाग ने दावा किया है कि शिकायत मिलते ही मौके पर टीम भेजकर तुरंत समस्या का समाधान किया जाएगा








