
तहसील संवाददाता कुलदीप की रिपोर्ट
फर्रुखाबाद राजेपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम बमियारी में आज होली के पावन पर्व पर एक हृदयविदारक घटना सामने आई है। जहाँ एक ओर पूरा देश रंगों के उत्सव में डूबा था, वहीं ग्राम बमियारी में खाना बनाते समय लगी भीषण आग ने एक परिवार की खुशियों को राख के ढेर में तब्दील कर दिया।

जानकारी के अनुसार, आज दोपहर लगभग 02:30 बजे ग्रामीण रमेश की पत्नी घर के भीतर खाना बना रही थीं। इसी दौरान चूल्हे की चिंगारी से घर के ऊपर रखे छप्पर में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और पूरे घर को अपनी आगोश में ले लिया।

आग की लपटें इतनी भयानक थीं कि परिवार को संभलने का मौका तक नहीं मिला। रमेश के बड़े पुत्र उमेश , पुष्पेन्द्र और अवनीश के घर में भी आग पहुंच गई और तीनों भाइयों का भीतर रखा सारा कीमती सामान, कपड़े, बिस्तर, साल भर का राशन (अनाज) और घर में रखी नकदी जलकर पूरी तरह राख हो गई। पीड़ित परिवार के अनुसार, उनकी जीवन भर की जमा पूंजी इस अग्निकांड की भेंट चढ़ गई है। पूरे गांव में धुएं का गुबार छा गया, जिससे अफरा-तफरी का माहौल पैदा हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही भारी संख्या में ग्रामीण मौके पर एकत्र हो गए। जब तक दमकल (फायर ब्रिगेड) की गाड़ी मौके पर पहुँचती, तब तक साहसी ग्रामीणों ने एकजुट होकर निजी संसाधनों और पानी की मदद से आग पर काबू पाने का प्रयास शुरू कर दिया। ग्रामीणों की कड़ी मशक्कत के बाद आग को बुझाया गया, जिससे आग पूरे गांव में फैलने से रुक गई और एक बड़ी त्रासदी टल गई। गनीमत यह रही कि इस भीषण हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई, सभी सदस्य सुरक्षित हैं।

होली के दिन हुए इस हादसे ने पीड़ित परिवारो को सड़क पर ला खड़ा किया है। परिवारो के सामने अब खाने-पीने और रहने का संकट खड़ा हो गया है। पीड़ित रमेश और उनके परिजनों( पुत्रों )ने जिला प्रशासन और उत्तर प्रदेश सरकार से आर्थिक मदद तथा उचित मुआवजे की गुहार लगाई है ताकि वे अपनी गृहस्थी को फिर से बसा सकें।








