
सीतापुर जनपद के मछरेहटा स्थित माता भरासैनी मंदिर में नवरात्रि के दौरान आयोजित होने वाले मेले की तैयारियों का जायजा लेने हेतु सीओ मिश्रिख विशाल गुप्ता ने मंदिर परिसर का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने सुरक्षा व्यवस्था, सीसीटीवी कैमरों और अन्य व्यवस्थाओं की बारीकी से जांच करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

इस दौरान सीओ ने ग्रामीणों से संवाद कर मेले से जुड़ी व्यवस्थाओं की जानकारी ली और उनकी समस्याओं को भी गंभीरता से सुना। उन्होंने पुलिस प्रशासन को मेले के दौरान शांति और सुरक्षा बनाए रखने के लिए पूरी सतर्कता बरतने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के समय मछरेहटा थाना अध्यक्ष प्रभात गुप्ता पुलिस बल के साथ मौजूद रहे। साथ ही मेला आयोजक संतोष शुक्ला, मंदिर पुजारी रामकिशोर तिवारी, मेला अध्यक्ष गंगाराम, सुशील शुक्ला, कल्लू राठौर, राकेश, अमरपाल, शैलेन्द्र तिवारी समेत मेला समिति के अन्य सदस्य भी उपस्थित रहे।
बताया गया कि 19 मार्च को भव्य शोभायात्रा मंदिर परिसर से प्रारंभ होकर फूलमती माता होते हुए कुदौली स्थित तीर्थ स्थल तक पहुंचेगी। इस आयोजन को लेकर भी सीओ ने विस्तृत जानकारी प्राप्त कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।








