
कन्नौज
प्रदेश की उच्च शिक्षा राज्यमंत्री एवं जनपद की प्रभारी मंत्री श्रीमती रजनी तिवारी ने कलेक्ट्रेट परिसर के हाॅल में सूचना विभाग द्वारा लगाई गई जन कल्याणकारी योजनाओं से संबंधित प्रर्दशनी तथा कलेक्ट्रेट परिसर में ही विभिन्न विभागों द्वारा लगाये गये स्टाॅलों का अवलोकन किया।

इस अवसर पर बाल विकास पुष्टाहार विभाग द्वारा गोद भराई कार्यक्रम के तहत बच्चों का अन्नप्रासन भी कराया। इस मौके पर बेसिक शिक्षा विभाग द्वारा स्कूल चलों अभियान एवं मिड-डे मिल योजना के तहत कठपुतली की प्रस्तुति भी देखी तथा सराहना की।

उन्होनें कलेक्ट्रेट गांधी सभागार में आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान कहा कि उत्तर प्रदेश, भारत का ग्रोथ इंजन के रूप में सेवा, सुरक्षा एवं सुशासन के 09 वर्ष एवं केन्द्र सरकार के 11 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर सरकार दिनांक 18 से 26 मार्च 2026 तक नौ दिवसीय कार्यक्रम उत्साहपूर्वक मना रही हैं।

उन्होनें कहा कि इन वर्षों में प्रदेश में कानून व्यवस्था, निवेश, बुनियादी ढांचे, कृषि, रोजगार, सामाजिक सुरक्षा, महिला सशक्तिकरण और तकनीक आधारित सुशासन के क्षेत्र में व्यापक परिवर्तन देखने को मिल रहा है।

उत्तरप्रदेश आज भयमुक्त, निवेश अनुकूल और तेज़ी से विकसित होने वाला राज्य बन चुका है। वर्ष 2017 से अब तक प्रदेश में कोई सांप्रदायिक दंगा या जातिगत संघर्ष नहीं हुआ। वर्ष 2016 की तुलना में डकैती में लगभग 90 प्रतिशत, लूट में 85 प्रतिशत, हत्या में 47 प्रतिशत, बलवा में 70 प्रतिशत तथा फिरौती के लिए अपहरण की घटनाओं में 62 प्रतिशत कमी दर्ज की गई है।

मा0 मंत्री जी ने कहा कि मिशन शक्ति, महिला हेल्पलाइन 181, वीमेन पावर लाइन 1090, एंटी रोमियो स्क्वायड और महिला बीट पुलिसिंग के माध्यम से महिला सुरक्षा को मजबूत किया गया है। 19,839 महिला पुलिसकर्मियों की नियुक्ति की गई और 9,172 महिला बीटों का गठन किया गया। महिला एवं बाल अपराधों के निस्तारण में 98.90 प्रतिशत निस्तारण दर के साथ उत्तर प्रदेश अग्रणी राज्यों में शामिल है।

उन्होनंेकहा कि स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से 1.06 करोड़ से अधिक महिलाएं जुड़ी हैं। 39,885 बीसी सखियों के माध्यम से 42,711 करोड़ रुपये से अधिक का वित्तीय लेनदेन किया गया। मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना से 26.81 लाख बेटियां लाभान्वित हुई और मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत 5.20 लाख से अधिक बेटियों के विवाह संपन्न कराए गए।

उन्होंनेकहा कि पर्यटन के क्षेत्र में काशी विश्वनाथ धाम कॉरिडोर और अयोध्या में श्रीराम जन्मभूमि मंदिर निर्माण ने प्रदेश को वैश्विक धार्मिक पर्यटन का प्रमुख केंद्र बनाया है। वाराणसी में देश का पहला मल्टी मॉडल टर्मिनल स्थापित किया गया है, जिससे जल, थल और रेल कनेक्टिविटी को नई गति मिली है।

श्रीमती रजनी तिवारी ने कहा कि पिछले 9 वर्षों में प्रदेश को 50 लाख करोड़ रुपये से अधिक के निवेश प्रस्ताव प्राप्त हुए हैं। इनमें से लगभग 15 लाख करोड़ रुपये के निवेश प्रस्ताव धरातल पर उतरे हैं और लगभग 60 लाख रोजगार के अवसर सृजित हुए हैं। उत्तर प्रदेश 96 लाख से अधिक इकाइयों के साथ देश का सबसे बड़ा एमएसएमई हब बन चुका है। डिफेंस इंडस्ट्रियल कॉरिडोर के तहत 197 एमओयू पर हस्ताक्षर किए गए हैं। प्रदेश में वर्तमान में 16 हवाई अड्डे संचालित हैं, जिनमें 4 अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे शामिल हैं। 8 नए हवाई अड्डों का विकास कार्य चल रहा है।

जेवर इंटरनेशनल एयरपोर्ट शुरू होने के बाद उत्तर प्रदेश 5 अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डों वाला देश का पहला राज्य होगा। कहा कि वर्ष 2016-17 में कृषि एवं संबद्ध क्षेत्र से राज्य का सकल घरेलू उत्पाद 2.96 लाख करोड़ रुपये था, जो 2024-25 में बढ़कर 6.95 लाख करोड़ रुपये हो गया। प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के तहत 3 करोड़ 12 लाख किसानों को 99 हजार करोड़ रुपये से अधिक की राशि हस्तांतरित की गई।
प्रभारी मंत्री जी ने कहा कि निष्पक्ष और पारदर्शी प्रक्रिया से 9 लाख से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरी मिली हैं। स्वामी विवेकानंद युवा सशक्तीकरण योजना के तहत 49.86 लाख से अधिक टैबलेट और स्मार्टफोन वितरित किए गए। कौशल विकास कार्यक्रमों के माध्यम से 25.80 लाख से अधिक युवाओं को प्रशिक्षण दिया गया और लाखों युवाओं को रोजगार मिल रहा हैं। प्रदेश में 67.50 लाख वृद्धजन, 26.81 लाख निराश्रित महिलाएं और 11.57 लाख दिव्यांगजन पेंशन का लाभ प्राप्त कर रहे हैं। वर्ष 2017 में जहां पेंशन 300 रुपये प्रतिमाह थी, वहीं अब यह बढ़कर 1000 रुपये प्रतिमाह हो चुकी है और अप्रैल 2026 से इसे 1500 रुपये प्रतिमाह किए जाने का निर्णय लिया गया है। उन्होनंे कहा कि पिछले 9 वर्षों में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी उत्तर प्रदेश में सुशासन, सुरक्षा, निवेश, सामाजिक न्याय और विकास के नए मानक स्थापित किए हैं। आज उत्तर प्रदेश देश की अर्थव्यवस्था, निवेश और विकास का प्रमुख केंद्र बनकर उभरा है। नवनिर्माण के ये 9 वर्ष उत्तर प्रदेश को विकसित भारत के लक्ष्य की दिशा में अग्रसर करने वाले निर्णायक वर्ष हैं।
कार्यक्रम के दौरान जिलाधिकारी श्री आशुतोष मोहन अग्निहोत्री, विधायक तिर्वा श्री कैलाश राजपूत, जिलाध्यक्ष भाजपा श्री वीर सिंह भदौरिया, मुख्य विकास अधिकारी श्री रामकृपाल चौधरी, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डा0 स्वदेश गुप्ता आदि संबंधित अधिकारी व जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।









