
*खुदागंज में आंधी-बारिश के साथ गिरे ओले, फसलों को नुकसान*
फर्रूखाबाद से जिला
संवाददाता आयुष कुमार की रिपोर्ट
फर्रुखाबाद जनपद के कमालगंज ब्लॉक क्षेत्र अंतर्गत खुदागंज में अचानक मौसम ने करवट ले ली। तेज आंधी के साथ हुई झमाझम बारिश के बीच ओलावृष्टि होने से क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। गुरुवार देर शाम आए इस बदलाव से आम जनजीवन प्रभावित हुआ।
आंधी इतनी तेज थी कि कई जगह पेड़ों की डालियां टूटकर गिर गईं, वहीं बारिश के साथ गिरे ओलों ने खेतों में खड़ी फसलों को भारी नुकसान पहुंचाया। विशेष रूप से गेहूं और सरसों की फसल प्रभावित हुई है, जिससे किसानों की चिंता बढ़ गई है।
ग्रामीणों के अनुसार, मौसम अचानक बदला और कुछ ही देर में तेज हवाओं के साथ ओले गिरने लगे। लोग घरों में दुबकने को मजबूर हो गए। कई कच्चे मकानों को भी नुकसान होने की खबर है।
किसानों ने प्रशासन से नुकसान का सर्वे कराकर मुआवजा दिलाने की मांग की है। वहीं मौसम के इस बदले मिजाज से क्षेत्र में ठंडक बढ़ गई है।








