
हरदोई के सांडी थाना क्षेत्र के बरौलिया गांव में हनुमान जी की मूर्ति रखने का मामला तूल पकड़ गया है। ग्रामीणों का कहना है कि यह जमीन ठाकुरद्वारा मंदिर की है, जबकि कुछ लोगों ने इसे बेच दिया था। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर निर्माण पर रोक लगा दी है।
मामला यह है कि बरौलिया गांव निवासी राधेश्याम ने म्योढागांव निवासी दो लोगों के नाम इस जमीन को बेच दिया था, जिसके बाद खरीदारों ने ज्ञान कुशवाहा के नाम इसे बेच दिया। 3 दिन पूर्व बिक्री हुई भूमि की जेसीबी मशीन द्वारा सफाई कराई जा रही थी, तभी ग्रामीणों ने विरोध किया और मंदिर की जमीन बताकर सफाई करने से मना कर दिया।
शनिवार को ग्रामीणों ने इस जमीन पर हनुमान जी की मूर्ति रख दी, जिसकी जानकारी पुलिस और तहसील प्रशासन को दी गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने अग्रिम आदेशों तक किसी भी प्रकार के निर्माण पर रोक लगाने की बात कही है।
बरौलिया गांव निवासी क्षेत्र पंचायत सदस्य सीताराम ने बताया कि यह जमीन ठाकुरद्वारा मंदिर की है, जिस पर अवैध तरीके से लोग कब्जा कर रहे हैं।








