
शीर्षक: लहूरीवान ग्राम पंचायत में जबरन स्मार्ट मीटर लगाने का आरोप, ग्रामीणों में रोष
सीतापुर जनपद के अटरिया क्षेत्र अंतर्गत लहूरीवान ग्राम पंचायत में स्मार्ट मीटर लगाए जाने को लेकर विवाद लगातार बढ़ता जा रहा है। ग्रामीणों ने बिजली विभाग के कर्मचारियों पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा है कि गरीब एवं हरिजन बस्ती में दबाव बनाकर जबरन स्मार्ट मीटर लगाए जा रहे हैं।
स्थानीय निवासियों—सुधा देवी पत्नी केसन, रामेश्वरी पत्नी राम प्रसाद, बिट्टो पत्नी सुरेंद्र, सीमा पत्नी नंदलाल, मोहन पत्नी गंगाप्रसाद, शिवपूजन पुत्र पप्पू, रामदीन सहित कई अन्य ग्रामीणों का कहना है कि उन्हें मीटर लगवाने के लिए डराया-धमकाया गया। आरोप है कि कर्मचारियों ने चेतावनी दी कि यदि स्मार्ट मीटर नहीं लगवाया गया तो उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
ग्रामीणों ने इस संबंध में मंडल अटरिया के मंडल महामंत्री प्रभाकर विक्रम सिंह से शिकायत की है। उन्होंने मामले को गंभीरता से लेते हुए प्रशासन से जांच कराकर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
ग्रामीणों का यह भी कहना है कि बिना सहमति के स्मार्ट मीटर लगाना गैर-कानूनी है। उनका दावा है कि सर्वोच्च न्यायालय के स्पष्ट निर्देश हैं कि उपभोक्ता की अनुमति के बिना इस प्रकार के मीटर नहीं लगाए जाने चाहिए।
मामले को लेकर बस्ती में भारी आक्रोश व्याप्त है। लोगों ने प्रशासन से निष्पक्ष जांच, दोषी कर्मचारियों पर कार्रवाई तथा जबरन लगाए गए मीटरों को हटाने की मांग की है।
हालांकि, इस पूरे मामले पर अभी तक बिजली विभाग के अधिकारियों की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। यदि समय रहते प्रशासन ने संज्ञान नहीं लिया, तो क्षेत्र में विरोध प्रदर्शन और तेज होने की संभावना है।








