फर्रुखाबाद जनपद के कमालगंज क्षेत्र अंतर्गत सिंघीरामपुर के पास शनिवार को दो बाइकों की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई। इस हादसे में एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया।
घायल की पहचान विमल कुमार, निवासी सिंघीरामपुर के रूप में हुई है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी तेज थी कि उनका पैर टूट गया और वह सड़क पर गिरकर दर्द से तड़पने लगे।

घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास मौजूद ग्रामीणों ने मानवता दिखाते हुए तुरंत घायल को नजदीकी अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका इलाज जारी है।
बताया जा रहा है कि दूसरी बाइक सवार युवक हादसे के बाद मौके से फरार हो गया। सूचना मिलते ही पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और फरार युवक की तलाश की जा रही है।
ग्रामीणों में घटना को लेकर आक्रोश है। लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि क्षेत्र में तेज रफ्तार वाहनों पर सख्ती से नियंत्रण किया जाए और सड़क सुरक्षा के ठोस इंतजाम किए जाएं, ताकि भविष्य में ऐसे हादसों को रोका जा सके।








