रिपोर्ट: आयुष, जिला संवाददाता फर्रुखाबाद
फर्रुखाबाद — खुदागंज काली नदी सेतु के निकट स्थित प्राचीन श्री सिद्धगुफा सरकार हनुमान मंदिर में आयोजित श्रीमद् भागवत कथा के छठवें दिन सोमवार को बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे। पूरे मंदिर परिसर में भक्ति और आस्था का माहौल बना रहा।

यह धार्मिक आयोजन बिराहिमपुर निवासी नीलेश फौजी द्वारा मनौती पूर्ण होने पर कराया जा रहा है। कार्यक्रम के सफल संचालन में संदीप यादव, उपेन्द्र यादव, धर्मेंद्र राजपूत (झांसी), सुनील यादव, मानसिंह फौजी, अमित यादव, सुमित यादव, कारगिल फौजी सहित कई सहयोगियों का विशेष योगदान रहा।

कथा वाचन के दौरान झांसी से पधारे आचार्य राजेंद्र त्रिवेदी शास्त्री ने श्रीमद् भागवत महापुराण के विभिन्न प्रसंगों का भावपूर्ण वर्णन किया। उन्होंने कपिल देव-देवहूति संवाद और ध्रुव चरित्र की कथा सुनाकर श्रद्धालुओं को भाव-विभोर कर दिया।

कार्यक्रम में संगीत की प्रस्तुति भी आकर्षण का केंद्र रही। कीबोर्ड, पेटी और ढोलक की संगत ने कथा को और भी प्रभावशाली बना दिया।

आयोजकों के अनुसार, 6 अप्रैल को कथा विश्राम के साथ पूर्व आहुति और सुदामा चरित्र की झांकी प्रस्तुत की गई, जबकि 7 अप्रैल को विशाल भंडारे का आयोजन किया जाएगा, जिसमें दूर-दराज से श्रद्धालुओं के पहुंचने की उम्मीद है।
इस प्राचीन हनुमान मंदिर में भाद्रपद माह के अंतिम मंगलवार को विशेष मेला भी आयोजित होता है, जिसमें देश-विदेश से श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंचते हैं।








