
रिपोर्ट अमरपुर तहसील संवाददाता कुलदीप
फर्रुखाबाद जिले के थाना राजेपुर क्षेत्र में बाढ़ की स्थिति बेहद भयावह रूप ले चुकी है। गंगा और रामगंगा के बढ़ते जलस्तर ने ग्रामीण अंचलों में भारी तबाही मचाई है। राजेपुर क्षेत्र के नगरिया जवाहर, बामियारी, कुसुमपुर और सबलपुर समेत कई पड़ोसी गांव पूरी तरह से जलमग्न हो चुके हैं। मुख्य संपर्क मार्ग डूब जाने के कारण इन गांवों का बाहरी दुनिया से संपर्क पूरी तरह कट गया है।
सबसे चिंताजनक स्थिति नगरिया जवाहर गांव की है। मुख्य मार्ग पर कई फीट पानी भर जाने के कारण गांव की आधी से ज्यादा आबादी अब तलैया और उफनते जलस्रोतों के रास्ते नावों के सहारे आवागमन करने को मजबूर है। रोजाना अपनी दैनिक जरूरतों, राशन और दवाइयों के लिए ग्रामीणों को जान जोखिम में डालकर उफनती नदी और जलभराव को पार करना पड़ रहा है।
तस्वीरों में साफ़ देखा जा सकता है कि महिलाएं, बुजुर्ग और छोटे बच्चे एक छोटी सी नाव पर क्षमता से अधिक सवार होकर पानी के बीच से गुजर रहे हैं। सबसे बड़ी लापरवाही यह है कि इन ग्रामीणों के पास सुरक्षा का कोई पुख्ता इंतजाम नहीं है। बिना किसी सेफ्टी जैकेट (Life Jacket) के लोग गहरे पानी में सफर करने को मजबूर हैं, जिससे हर पल किसी बड़े हादसे या अनहोनी का खतरा बना हुआ है।
ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से गुहार लगाई है कि गांव में नावों के संचालन के साथ-साथ सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए जाएं। ग्रामीणों की मांग है कि नाव से सफर करने वाले हर व्यक्ति को सेफ्टी जैकेट उपलब्ध कराई जाए ताकि किसी भी आपात स्थिति में अनहोनी से बचा जा सके।









