
रिपोर्ट श्याम पाल सिंह
हरदोई विकास खंड भरखनी की ग्राम सभा बीरमपुर के मजरा उमरिया कला में बरसात के कारण ग्रामीणों के सामने गंभीर समस्या खड़ी हो गई है। गांव का मुख्य कच्चा रास्ता नदी के किनारे से होकर गुजरता था, नदी में पानी रोकने के लिए लगाया गया बांध बरसात के तेज बहाव में पूरी तरह कट गया है। जिससे रास्ता क्षतिग्रस्त और जलमग्न हो गया है और आवागमन ठप हो गया है।
ग्रामीणों ने स्पष्ट किया है कि रास्ता किसी व्यक्ति द्वारा बंद नहीं किया गया है, यह प्राकृतिक कारणों से खराब हुआ है।
रास्ता खराब होने से स्कूली बच्चों को स्कूल जाने में परेशानी हो रही है, उनकी पढ़ाई बाधित हो रही है। किसानों को खेतों पर जाने, मजदूरों को काम पर जाने और आम लोगों को बाजार जाने में भारी दिक्कत हो रही है। गांव में किसी बीमार व्यक्ति या आपात स्थिति में मरीज को बाहर ले जाना और एंबुलेंस का गांव तक पहुंचना मुश्किल हो गया है।
इस समस्या को लेकर राजपाल कुशवाहा, रामनिवास कुशवाहा, शिव रतन राजपूत, कुमार, राम किशोर राजपूत, विनय कुमार राजपूत, बाबूराम कोटेदार राजपूत, प्रमोद राजपूत, सुनील कुमार कुशवाहा, कन्हैयालाल राजपूत सहित समस्त ग्रामवासियों ने जिला प्रशासन से मांग की है कि जल्द से जल्द मौके का निरीक्षण कर कटे हुए बांध की मरम्मत कराई जाए और गांव के लिए स्थायी पक्के रास्ते की व्यवस्था की जाए।










