
कन्नौज मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने बताया कि बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में राहत एवं स्वास्थ्य सेवाओं को प्रभावी ढंग से संचालित किया जा रहा है। बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में स्थापित राहत शिविरों में आशा, एएनएम एवं चिकित्सकीय टीमों को तैनात कर प्रभावित लोगों को आवश्यक स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।
उन्होंने बताया कि बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में स्वास्थ्य विभाग की टीमों द्वारा लगातार भ्रमण कर लोगों के स्वास्थ्य की जांच की जा रही है तथा आवश्यकता के अनुसार दवाओं का वितरण किया जा रहा है। 16 सितम्बर 2026 को 86 मरीजों का उपचार किया गया, जबकि अब तक कुल 1103 मरीजों को चिकित्सकीय सेवाओं का लाभ दिया जा चुका है।
जनपद में स्वास्थ्य विभाग द्वारा उपलब्ध कराए गए विवरण के अनुसार अब तक उपचारित मरीजों में दस्त (Acute Diarrhoeal Disease सहित Acute Gastroenteritis) के 44, पेचिश के 8, बुखार के 221, चर्म रोग के 377 तथा अन्य रोगों के 453 मरीज शामिल हैं। वहीं हैजा, वायरल हेपेटाइटिस, मलेरिया, खसरा एवं सर्पदंश के मामलों में कोई मरीज दर्ज नहीं किया गया है।
चिकित्सकीय टीमों द्वारा राहत शिविरों में स्वास्थ्य परीक्षण के साथ-साथ लोगों को क्लोरीन युक्त पेयजल का सेवन करने, पानी को उबालकर पीने, हाथों की स्वच्छता बनाए रखने तथा स्वच्छ एवं ताजा भोजन करने के प्रति जागरूक किया जा रहा है। ग्रामीण क्षेत्रों में लोगों को दूषित एवं जलभराव वाले पानी से होने वाले संभावित संक्रमण से बचाव के उपायों की जानकारी भी दी जा रही है।










