
जिला संवाददाता अविनाश सिंह की विशेष रिपोर्ट
कन्नौज कलेक्ट्रेट स्थित गांधी सभागार में जिलाधिकारी आशुतोष मोहन अग्निहोत्री की अध्यक्षता में जिला उपभोक्ता संरक्षण परिषद की बैठक आयोजित की गई। बैठक में उपभोक्ताओं के हितों से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण मुद्दों पर विस्तार से चर्चा हुई। जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों को समस्याओं का समयबद्ध और प्रभावी निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बैठक में परिषद के सदस्य उदय नारायण ने जननी सुरक्षा योजना, टीबी मरीजों को मिलने वाली प्रोत्साहन राशि, आशाओं के मानदेय तथा वैक्सीनेशन कार्य में लगे कार्मिकों के भुगतान में हो रही देरी का मुद्दा उठाया। जिलाधिकारी ने मामले को गंभीरता से लेते हुए मुख्य चिकित्सा अधिकारी को निर्देश दिए कि संबंधित योजनाओं एवं सेवाओं के अंतर्गत लाभार्थियों और कार्मिकों के भुगतान का विस्तृत विवरण तैयार किया जाए। इसमें यह भी स्पष्ट किया जाए कि किसका भुगतान कब किया गया और किन लोगों का भुगतान अभी लंबित है। यह रिपोर्ट एक माह के भीतर जिला उपभोक्ता संरक्षण परिषद के समक्ष प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए।
विद्युत शिकायतों के गुणवत्तापूर्ण निस्तारण पर जोर
परिषद के सदस्य मायाकांत कटियार और उदय नारायण ने विद्युत विभाग से संबंधित ओवरबिलिंग और उपभोक्ताओं की शिकायतों का मुद्दा उठाया। इस पर जिलाधिकारी ने अधीक्षण अभियंता विद्युत को निर्देशित किया कि अप्रैल माह से अब तक प्राप्त विद्युत संबंधी शिकायतों की संख्या, निस्तारित शिकायतों और उनके निस्तारण की गुणवत्ता का विस्तृत विवरण तैयार कर परिषद के समक्ष प्रस्तुत किया जाए।
जिलाधिकारी ने कहा कि उपभोक्ताओं की शिकायतों का निस्तारण केवल औपचारिकता तक सीमित नहीं रहना चाहिए। प्रत्येक शिकायत का गुणवत्तापूर्ण और संतोषजनक समाधान सुनिश्चित किया जाए, ताकि उपभोक्ताओं को बार-बार विभागीय कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें।
त्योहारों पर मिलावटखोरी के खिलाफ चलेगा अभियान
आगामी दशहरा और दीपावली पर्व को देखते हुए जिलाधिकारी ने खाद्य पदार्थों में मिलावट की रोकथाम के लिए सघन अभियान चलाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि त्योहारों के दौरान खाद्य पदार्थों की मांग बढ़ जाती है, ऐसे में मिलावट की आशंका को देखते हुए खाद्य प्रतिष्ठानों और बाजारों में नियमित जांच की जाए।
उन्होंने नियमानुसार नमूने लेने और अनियमितता पाए जाने पर प्रभावी कार्रवाई करने के निर्देश दिए। साथ ही जिला उपभोक्ता संरक्षण परिषद की टीम में खाद्य सुरक्षा अधिकारी को भी शामिल करने के निर्देश दिए।
एलपीजी सिलेंडर वितरण में अनियमितता पर होगी कार्रवाई
जिलाधिकारी ने आगामी पर्वों के मद्देनजर एलपीजी सिलेंडर के पेटी डीलरों का सत्यापन कराने के निर्देश भी दिए। उन्होंने निर्धारित मानकों और सुरक्षा व्यवस्थाओं का अनुपालन सुनिश्चित करने को कहा।
उन्होंने स्पष्ट किया कि सिलेंडर वितरण में उपभोक्ताओं के साथ किसी प्रकार की अनियमितता या घटतौली की शिकायत नहीं मिलनी चाहिए। संबंधित विक्रेताओं के पास निर्धारित वजन करने के लिए वेइंग स्केल उपलब्ध होना चाहिए। इसके साथ ही वितरण कार्य में लगे कर्मचारियों को निर्धारित वेशभूषा में रहने के निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी ने कहा कि उपभोक्ताओं के हितों की अनदेखी अथवा किसी प्रकार की अनियमितता पाए जाने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
बैठक में जिला उपभोक्ता संरक्षण परिषद के गैर-सरकारी सदस्यों ने जनहित और उपभोक्ता हित से जुड़े विभिन्न सुझाव भी रखे। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को परिषद द्वारा उठाए गए प्रत्येक विषय पर गंभीरता से विचार करते हुए नियमानुसार कार्रवाई और समयबद्ध अनुपालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

इस अवसर पर डीसी एनआरएलएम राजकुमार लोधी, जिला पूर्ति अधिकारी राजीव मिश्रा सहित संबंधित विभागों के अधिकारी और जिला उपभोक्ता संरक्षण परिषद के सदस्य मौजूद रहे।








