
फर्रुखाबाद से ब्यूरो चीफ राम बहार की रिपोर्ट
फर्रुखाबाद। जिले में अपनी 14 सूत्री मांगों को लेकर 15 दिसंबर से आंदोलित आशा कार्यकर्ताओं का धरना-प्रदर्शन शुक्रवार को भी जारी रहा। स्वास्थ्य विभाग में कार्यरत लगभग 1600 आशा बहुएं प्रदेश नेतृत्व के आह्वान पर लगातार अपनी आवाज उठा रही हैं। इस बीच, आशा संघ के एक प्रतिनिधिमंडल ने मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) से मुलाकात कर भुगतान और स्थानीय समस्याओं पर चर्चा की।
52 लाख रुपये जारी, शेष भुगतान जल्द।
सीएमओ कार्यालय में हुई वार्ता के दौरान मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने आशा कार्यकर्ताओं को बड़ी राहत देते हुए 1.81 करोड़ रुपये के शीघ्र भुगतान का आश्वासन दिया है। सीएमओ ने जानकारी दी कि बकाए भुगतान के लिए निदेशालय को प्रस्ताव भेजा गया था, जिसमें से 52 लाख रुपये की धनराशि प्राप्त हो चुकी है। यह राशि ब्लॉकों को भेज दी गई है और भुगतान प्रक्रियाधीन है।
सीधे खातों में पहुंचेगी राशि।
सीएमओ ने प्रतिनिधिमंडल को भरोसा दिलाया कि पूर्व से बकाया चल रहे भुगतान के वाउचर भी निदेशालय भेजे जा चुके हैं। उन्होंने कहा कि दो-तीन दिनों के भीतर शेष धनराशि आते ही उसे सीधे आशा कार्यकर्ताओं के बैंक खातों में ट्रांसफर कर दिया जाएगा। इसके अलावा, स्थानीय स्तर की अन्य समस्याओं के समाधान का भी भरोसा दिया गया।
प्रदेश नेतृत्व के निर्देश पर ही खत्म होगा आंदोलन।
प्रशासन के आश्वासन के बावजूद, आशा कार्यकर्ताओं ने अपना रुख स्पष्ट कर दिया है। शुक्रवार को धरने पर बैठी आशाओं ने कहा कि भले ही स्थानीय स्तर पर आश्वासन मिला हो, लेकिन यह आंदोलन प्रदेश व्यापी है। जब तक प्रदेश नेतृत्व से हड़ताल समाप्त करने का कोई निर्देश नहीं मिलता, तब तक उनका आंदोलन बदस्तूर जारी रहेगा।








