
फर्रुखाबाद, 12 फरवरी 2026।
(तहसील संवाददाता अमृतपुर कुलदीप की रिपोर्ट)
जन संघर्ष समिति के बैनर तले गुरुवार को गंगा किनारे तटबंध निर्माण की मांग को लेकर विशाल रैली निकाली गई। रैली का नेतृत्व समिति के मुख्य अध्यक्ष आशीष मिश्रा उर्फ भईयन मिश्रा ने किया। यह रैली कढार से अमृतपुर तहसील तक निकाली गई, जिसमें बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने भाग लिया।
रैली में बजरंग दल के कार्यकर्ता, समाजसेवी, ग्राम प्रधान, संत समाज के प्रतिनिधि तथा विभिन्न संगठनों से जुड़े लोग शामिल हुए। ग्राम पंचायत रामपुर जोगराजपुर की प्रधान सुमन गुप्ता, रैली संचालक प्रशांत पाठक, कोमल पाण्डेय (राष्ट्रीय बजरंग दल), नारायण अग्रवाल (समाजसेवी), योगेंद्र प्रसाद त्रिवेदी, अखिलेश तिवारी, अनूप सिंह (प्रधान बदनपुर), विष्णु मिश्रा (जिला अध्यक्ष, बजरंग दल) एवं राजीव प्रताप सिंह उर्फ टिल्लू (प्रधान भरखा) सहित अनेक ग्रामीण रैली में मौजूद रहे।
रैली के दौरान भरखा, रामपुर, सबलपुर, जोगराजपुर, बमियारी, इमादपुर, कुवेरपुर, कुसुमापुर, बिरसिंहपुर, हरिहरपुर, जगतपुर, अम्बरपुर, गोटिया, उदयपुर, कंचनपुर, मुड़िया भेड़ा, नगरिया जवाहर और लायकपुर सहित कई गांवों के ग्रामीणों ने सरकार से गंगा किनारे तटबंध निर्माण की मांग की। ग्रामीणों का कहना है कि बाढ़ से हर वर्ष फसलों और संपत्ति को भारी नुकसान उठाना पड़ता है, जिससे किसान बेहद परेशान हैं।
रैली में “तटबंध बनाओ सरकार”, “क्षेत्र की जनता की पुकार, तटबंध बनवाओ योगी सरकार” तथा “हम सब लें यह संकल्प, तटबंध ही है एकमात्र विकल्प” जैसे नारे गूंजते रहे।
जन संघर्ष समिति के मुख्य अध्यक्ष आशीष मिश्रा उर्फ भईयन मिश्रा ने कहा कि जब तक गंगा किनारे स्थायी तटबंध का निर्माण नहीं कराया जाता, तब तक आंदोलन, धरना और रैलियां जारी रहेंगी।








