
(फर्रुखाबाद तहसील संवाददाता कुलदीप की रिपोर्ट)
फर्रुखाबाद। जिले में एक दर्दनाक सड़क हादसे ने शादी की खुशियों को मातम में बदल दिया। राजेपुर थाना क्षेत्र में तेज रफ्तार डीसीएम की टक्कर से बाइक सवार दो मौसेरे भाइयों की मौके पर ही मौत हो गई। इस घटना के बाद दोनों परिवारों में कोहराम मच गया और पूरे इलाके में शोक की लहर फैल गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार विवेक (25 वर्ष) पुत्र रामनाथ निवासी अंगूरीबाग बांस मंडी और उसका मौसेरा भाई गुड्डू (26 वर्ष) पुत्र राजवीर निवासी गंगा दरवाजा, फर्रुखाबाद, बाइक (UP 76 AK 6212) से अमृतपुर की ओर से फर्रुखाबाद जा रहे थे। बताया जा रहा है कि परिवार में शादी का कार्यक्रम होने के कारण दोनों युवक रिश्तेदारों को निमंत्रण कार्ड बांटने निकले थे। लेकिन रास्ते में हुआ हादसा उनकी जिंदगी का आखिरी सफर बन गया।
तेज रफ्तार डीसीएम ने मारी टक्कर
राजेपुर थाना क्षेत्र के ग्राम पूर्वी गौटिया के पास सामने से आ रहे डीसीएम कैंटर (UP 34 AT 5521) ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे के बाद डीसीएम चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया।
अस्पताल पहुंचने से पहले ही हो गई मौत
हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों की मदद से घायल गुड्डू को तुरंत निजी वाहन से जिला अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। वहीं विवेक की भी इस हादसे में जान चली गई।
पुलिस ने शुरू की कार्रवाई
घटना की सूचना मिलते ही राजेपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों वाहनों को कब्जे में ले लिया। पुलिस ने शवों को पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। फरार डीसीएम चालक की तलाश के लिए पुलिस टीम लगातार दबिश दे रही है।
दोनों मौसेरे भाइयों की एक साथ मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल बना हुआ है।








