फर्रुखाबाद के कलौली गांव निवासी हवलदार कुलदीप यादव का लेह में प्रशिक्षण के दौरान निधन हो गया। शनिवार दोपहर उनका पार्थिव शरीर पैतृक गांव पहुंचा, जहां उन्हें पूरे सैन्य सम्मान के साथ अंतिम विदाई दी गई।

लगभग 34 वर्षीय कुलदीप यादव 872 लाइट रेजिमेंट तोपखाना इकाई में तैनात थे। उनकी यूनिट इन दिनों पाकिस्तान सीमा पर लेह के पत्तापुर ग्लेशियर पर प्रशिक्षण ले रही थी। 2 मार्च को दोपहर करीब ढाई बजे अपने साथियों के साथ लौटते समय वे बर्फ में दब गए थे।

जवानों ने सर्च ऑपरेशन चलाकर उन्हें बाहर निकाला और अस्पताल में भर्ती कराया। स्वास्थ्य लाभ के बाद गुरुवार को वे यूनिट ट्रेनिंग एरिया पहुंचे, जहां वे बेहोश होकर गिर पड़े। सेना ने उन्हें सैनिक अस्पताल में भर्ती कराया, जहां रात 10:30 बजे उन्होंने अंतिम सांस ली। रात 11 बजे के करीब परिजनों को इसकी सूचना दी गई।
हवलदार कुलदीप यादव का पार्थिव शरीर शनिवार दोपहर लगभग 3 बजे उनके पैतृक गांव कलौली पहुंचा। शहीद के अंतिम दर्शन के लिए हजारों लोग उमड़ पड़े। “भारत माता की जय” और “शहीद कुलदीप अमर रहे” के नारों के बीच गांव में शोक का माहौल था।
नवाबगंज-फर्रुखाबाद मार्ग पर गांव के मोड़ से लेकर अंदर तक बिजली के खंभों पर तिरंगे झंडे लगाए गए थे। कई लोग छतों और पेड़ों पर चढ़कर श्रद्धांजलि दे रहे थे।

शहीद का अंतिम संस्कार सैन्य सम्मान के साथ एक खेत में किया गया। उनके पिता महेंद्र सिंह यादव को राष्ट्रीय ध्वज सौंपा गया। जब उनके चार वर्षीय पुत्र राम ने पिता की चिता को मुखाग्नि दी, तो वहां मौजूद लोगों की आंखें नम हो गईं।
शहीद कुलदीप यादव के परिवार में उनके पिता महेंद्र सिंह यादव, माता गेंदा देवी, पत्नी प्रियंका यादव, छह वर्षीय पुत्री मन्नत और चार वर्षीय पुत्र राम हैं। वह सात भाइयों में चौथे नंबर पर थे। उनके बड़े भाइयों में शिवराम सिंह, रामजीत, सुरजीत और छोटे भाइयों में अतुल, आलोक, अवनीश शामिल हैं।
इस दौरान सेना और प्रशासन के कई अधिकारी मौजूद रहे। इनमें तहसीलदार सदर सनी कनौजिया, बीडीओ नवाबगंज अमरेश चौहान, क्षेत्राधिकारी मोहम्मदाबाद अजय वर्मा और थाना प्रभारी राजीव कुमार सहित पुलिस बल शामिल थे। जिला पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि सचिन सिंह यादव और जिला पंचायत सदस्य यशवीर सिंह आर्य ने भी पार्थिव शरीर पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी।
जिला अध्यक्ष चंद्रपाल सिंह यादव, प्रदेश सचिव एवं पूर्व लोकसभा प्रत्याशी डॉ. नवल किशोर शाक्य, प्रदेश सचिव एवं पूर्व विधानसभा प्रत्याशी डॉ. जितेंद्र सिंह यादव, जिला महासचिव इलियास मंसूरी और जिला उपाध्यक्ष अजीत यादव ने भी शहीद के पार्थिव शरीर पर पुष्प अर्पित कर भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।








