फर्रुखाबाद कमालगंज ब्लॉक क्षेत्र अंतर्गत न्याय पंचायत गदनपुर तुर्रा के कई गांवों में बीते दिनों आई तेज आंधी और बारिश ने किसानों की मेहनत पर पानी फेर दिया। अचानक बदले मौसम के कारण तेज हवाओं के साथ हुई बारिश से गेहूं, सरसों और अन्य खड़ी फसलें खेतों में गिरकर बर्बाद हो गईं।
ग्रामीणों के अनुसार, शाम के समय मौसम ने अचानक करवट ली और तेज आंधी के साथ झमाझम बारिश शुरू हो गई, जिससे खेतों में पानी भर गया और फसलें जमीन पर गिर गईं। इससे उत्पादन पर गंभीर असर पड़ने की आशंका जताई जा रही है। कई किसानों का कहना है कि फसल कटाई के ठीक पहले हुए इस नुकसान से उन्हें भारी आर्थिक हानि का सामना करना पड़ सकता है।

किसानों ने प्रशासन से मांग की है कि प्रभावित क्षेत्रों का सर्वे कराकर उचित मुआवजा दिया जाए, ताकि उन्हें कुछ राहत मिल सके। वहीं, कृषि विभाग से भी नुकसान का आंकलन करने की उम्मीद जताई जा रही है।








