अमृतपुर तहसील संवाददाता कुलदीप की रिपोर्ट –
फ़र्रूख़ाबाद के कादरी गेट थाना क्षेत्र के लकूला इलाके में एक नवविवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से इलाके में सनसनी फैल गई है। मृतका की पहचान 25 वर्षीय क्रांति के रूप में हुई है, जिसकी शादी को अभी करीब 10 महीने ही हुए थे। मायके पक्ष ने ससुराल वालों पर गंभीर आरोप लगाते हुए इसे हत्या का मामला बताया है।
मिली जानकारी के अनुसार, गुरुवार सुबह क्रांति के पति ने उसके मायके वालों को फोन कर बताया कि उसकी तबीयत अचानक खराब हो गई है और उसे पेट में तेज दर्द हो रहा है। सूचना मिलने पर परिजन तुरंत जिला अस्पताल लोहिया पहुंचे, लेकिन वहां डॉक्टरों ने क्रांति को मृत घोषित कर दिया। इसके बाद अस्पताल प्रशासन ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी में रखवा दिया।
मृतका के पिता कृष्ण कुमार ने गहरा दुख जताते हुए कहा कि उन्होंने अपनी क्षमता से अधिक खर्च कर बेटी की शादी की थी, लेकिन शादी के बाद से ही उसे लगातार प्रताड़ित किया जा रहा था। उन्होंने आरोप लगाया कि उनकी बेटी की मौत स्वाभाविक नहीं है, बल्कि उसकी हत्या की गई है। पिता के अनुसार, क्रांति के गले पर निशान मिले हैं, जिससे गला घोंटकर हत्या किए जाने की आशंका और मजबूत होती है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का खुलासा हो सकेगा। मायके पक्ष की तहरीर के आधार पर मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।








