
हरदोई जिले के सांडी थाना क्षेत्र के एक गांव में संदिग्ध परिस्थितियों में एक नवविवाहिता का शव घर के अंदर फांसी के फंदे से लटका मिला, जिससे इलाके में सनसनी फैल गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।
जानकारी के अनुसार, मल्लावां थाना क्षेत्र के ग्राम जरेरा निवासी आरती देवी की शादी करीब 16 महीने पहले बखरियां गांव के शैलेंद्र के साथ हुई थी। आरोप है कि शादी के बाद से ही ससुराल पक्ष के लोग अतिरिक्त दहेज में बुलेट मोटरसाइकिल और भैंस की मांग को लेकर उसे परेशान कर रहे थे।
मृतका के भाई ओमप्रकाश ने पुलिस को तहरीर देकर ससुराल पक्ष के कई लोगों—जेठ मनीराम, कैलाश चंद, जेठानी सोनी, रीना और ससुर रामसागर—पर दहेज के लिए हत्या कर शव को फांसी पर लटकाने का आरोप लगाया है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है।
जांच के दौरान पुलिस को मौके से एक सुसाइड नोट भी मिला है, जिसमें पति द्वारा किसी प्रकार की प्रताड़ना का जिक्र नहीं किया गया है। थाना अध्यक्ष बसंत राम ने बताया कि मामले में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।









