रिपोर्ट फर्रुखाबाद जिला संवाददाता आयुष कुमार
फर्रुखाबाद कमालगंज विकास खण्ड के गांव कुण्डपुरा में चल रही श्रीमद्भागवत कथा के चौथे दिन गुरुवार को श्रीकृष्ण जन्मोत्सव बड़े हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। कथा स्थल पर भगवान श्रीकृष्ण के जन्म की आकर्षक झांकियां निकाली गईं, जिन्हें देखने के लिए श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। पूरा गांव “जय श्रीकृष्ण” के जयकारों से गूंज उठा और वातावरण भक्तिमय हो गया।
ग्रामीणों ने बताया कि श्रीमद्भागवत कथा का शुभारंभ 17 मई 2026 को हुआ था। यह आयोजन पूरे नौ दिनों तक चलेगा। कथा के साथ प्रतिदिन यज्ञ भी कराया जा रहा है। श्रद्धालुओं के लिए भंडारे की व्यवस्था की गई है, जिसमें आसपास के गांवों सहित पूरे क्षेत्र के लोग बढ़-चढ़कर हिस्सा ले रहे हैं।
आयोजन में कुण्डपुरा के ग्रामीण तन-मन-धन से सहयोग कर रहे हैं। गांव में पूज्य श्री श्री 108 स्वामी प्रेम चेतन महाराज जी द्वारा बनवाए गए मंदिर में ही यह भव्य कथा हो रही है। मंदिर निर्माण में भी पूरे गांव का सहयोग रहा था।
व्यवस्था संभालने में कार्यकर्ता मोहित यादव और शिवम यादव की विशेष भूमिका रही। दोनों ने श्रद्धालुओं की सेवा से लेकर आयोजन की हर व्यवस्था में सक्रिय योगदान दिया। कथा स्थल को रंग-बिरंगी सजावट और मनमोहक झांकियों से सजाया गया था।
भागवत कथा का वाचन भागवत आचार्य स्वामी अमर चेतन्य जी महाराज (काशी वाले) कर रहे हैं। यज्ञाचार्य किशोर भईया जी, उपयोग्याचार्य प्रांशु शुक्ला जी, अजय जी, तरुण जी एवं अन्य कलाकार धार्मिक कार्यक्रम संपन्न करा रहे हैं।
श्रद्धालुओं ने भक्ति भाव से कथा श्रवण किया और श्रीकृष्ण जन्मोत्सव पर जमकर उत्सव मनाया। ग्रामीणों के अनुसार आने वाले दिनों में भी विभिन्न धार्मिक कार्यक्रम होंगे, जिनमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है।









