फर्रुखाबाद कमालगंज थाना क्षेत्र के भूलनपुर चिरपुरा गांव में सोमवार को उस वक्त सनसनी फैल गई जब रेलवे ट्रैक पर एक बुजुर्ग का शव बरामद हुआ। मृतक की पहचान 65 वर्षीय राज बहादुर कठेरिया के रूप में हुई है।
परिजनों ने बताया कि राज बहादुर मानसिक रूप से परेशान चल रहे थे। वह 31 मई की दोपहर करीब 1 बजे बिना बताए घर से निकल गए थे। शाम तक घर न लौटने पर परिजन उनकी खोजबीन में जुटे थे।
सोमवार को रेलवे ट्रैक पर शव पड़े होने की खबर मिली। सूचना पर पहुंचे परिवारजनों ने शव की शिनाख्त राज बहादुर कठेरिया के रूप में की, जिसके बाद घर में चीख-पुकार मच गई।
मामले की जानकारी पर भोजपुर चौकी पुलिस और जीआरपी मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच शुरू कर दी है। प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का लग रहा है, लेकिन पुलिस हादसे समेत सभी बिंदुओं पर जांच कर रही है।








