
रिपोर्ट हरदोई जिला संवाददाता आरेंद्र मिश्रा
हरदोई पशुपालन विभाग के विशेष सचिव देवेंद्र पांडे बुधवार को हरदोई के दौरे पर रहे। उन्होंने जनपद में संरक्षित मवेशियों के लिए किए जा रहे कार्यों और हरा चारा उत्पादन का स्थलीय निरीक्षण किया।
विशेष सचिव ने सबसे पहले शहर में करीब 25 एकड़ क्षेत्र में बोई गई नेपियर घास का जायजा लिया। इसके बाद बावन गौशाला पहुंचकर वहां तैयार की जा रही नेपियर घास को देखा। गौशाला में उन्होंने गायों का पूजन कर गुड़ और चना खिलाया। परिसर में रोपित आम के बाग का भ्रमण कर अच्छी फसल पर प्रसन्नता व्यक्त की।
सहभागिता योजना के तहत उन्होंने कुपोषित बच्चों के परिवार को एक गाय सौंपी। विशेष सचिव ने प्रदेश में सर्वाधिक हरा चारा बोए जाने और उत्पादन के लिए जनपद की सराहना की। साहोरा में 25 एकड़ में तैयार नेपियर घास के बारे में अधिकारियों से विस्तृत जानकारी ली।
उन्होंने बावन गौशाला में संरक्षित मवेशियों की निगरानी के लिए लगे सीसी कैमरे और ब्लॉक मॉनिटरिंग सिस्टम का अवलोकन किया। गौशाला में स्थापित गोबर गैस प्लांट से उत्पादित बिजली और उससे संचालित आटा चक्की को भी देखा।
विशेष दुग्ध सप्ताह के अवसर पर विशेष सचिव ने बेहतर दूध उत्पादन करने वाली पांच महिला लाभार्थियों को प्रशस्ति पत्र, केन और अंग वस्त्र प्रदान कर सम्मानित किया।
इस मौके पर पशुपालन विभाग के अपर निदेशक डॉ अजय कनौजिया, ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि धर्मेंद्र सिंह, मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ अशोक कुमार सिंह, डीएसटीओ डॉ रामप्रकाश, उप मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ सचिन कुमार, डीपीआरओ श्रेया उपाध्याय, पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ मोहित सिंह सहित अन्य अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।









