फर्रुखाबाद कमालगंज ब्लॉक में गुरुवार रात प्रकृति ने कहर बरपाया। न्याय पंचायत गदनपुर तुर्रा के अंतर्गत ग्राम पंचायत दरौरा के गांव गढ़िया में रात लगभग 2 बजे आए तूफान और मूसलाधार बारिश से भारी तबाही मची।
तेज हवाओं के झोंके इतने तेज थे कि कई विशाल पेड़ जड़ से उखड़कर गिर पड़े। इसी दौरान वहां खड़ी तीन गाड़ियां पेड़ों की चपेट में आ गईं। क्षतिग्रस्त वाहनों में एक छोटा हाथी, मारुति सुजुकी कार और बोलेरो शामिल हैं। तीनों वाहनों को काफी नुकसान पहुंचा है।
शुक्र है कि उस वक्त किसी भी गाड़ी में कोई सवार नहीं था, वरना बड़ा हादसा हो सकता था। स्थानीय लोगों ने बताया कि आंधी शुरू होते ही पेड़ अचानक गिरने लगे, जिससे गांव में अफरा-तफरी फैल गई।

तूफान का असर बिजली व्यवस्था पर भी पड़ा। जरारी पावर हाउस से जुड़ी 11 हजार वोल्ट की मुख्य लाइन पर पेड़ और बड़ी-बड़ी डालियां गिर गईं। इससे लाइन टूट गई और आसपास के इलाके की बिजली सप्लाई ठप हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही विद्युत विभाग की टीम मौके पर पहुंची और लाइन सुधारने का काम शुरू कर दिया गया है। विभाग का कहना है कि पेड़ हटाकर तार जोड़ने के बाद ही बिजली बहाल हो सकेगी।









