
हरदोई। शाहाबाद सर्किल कार्यालय में जनसुनवाई के दौरान अपर पुलिस अधीक्षक आलोक राज नारायण ने संवेदनशीलता का परिचय देते हुए एक दिव्यांग किसान की शिकायत को प्राथमिकता से सुना। फरियादियों की भीड़ के बीच ट्राईसाइकिल से पहुंचे दिव्यांग को देखकर एएसपी स्वयं उसके पास पहुंचे और पूरी बात गंभीरता से सुनी।
पीड़ित किसान गुलाब पुत्र राधेश्याम, निवासी ग्राम आंझी, थाना मझिला ने बताया कि उसकी धान की नर्सरी को विपक्षी पक्ष के जानवरों ने नुकसान पहुंचा दिया। विरोध करने पर आरोपियों ने उसके साथ मारपीट की। किसान का आरोप है कि बीच-बचाव करने पहुंचे उसके बेटों के साथ भी मारपीट की गई।
शिकायत सुनने के बाद अपर पुलिस अधीक्षक ने तत्काल संबंधित थाना प्रभारी से फोन पर बात कर मामले की निष्पक्ष जांच कराने और दोषी पाए जाने वालों के विरुद्ध नियमानुसार कड़ी कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने पीड़ित किसान को न्याय दिलाने का भरोसा भी दिलाया।
एएसपी के इस व्यवहार की क्षेत्र में सराहना हो रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि अधिकारियों का संवेदनशील और जवाबदेह रवैया आमजन का पुलिस के प्रति विश्वास मजबूत करता है। शाहाबाद पुलिस की इस पहल की क्षेत्रभर में चर्चा हो रही है।
सत्यम द्विवेदी की खास रिपोर्ट









