
मछरेहटा, सीतापुर। थाना मछरेहटा पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक लापता युवती को 24 घंटे के भीतर सकुशल बरामद कर लिया। पुलिस ने युवती को लखनऊ जनपद के गाजीपुर थाना क्षेत्र से बरामद किया।
पुलिस अधीक्षक सीतापुर अंकुर अग्रवाल के निर्देश पर चलाए जा रहे अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। अपर पुलिस अधीक्षक दक्षिणी दुर्गेश कुमार सिंह के पर्यवेक्षण एवं क्षेत्राधिकारी मिश्रिख विशाल कुमार गुप्ता के नेतृत्व में तथा थानाध्यक्ष मछरेहटा रजनीश कुमार वर्मा के निर्देशन में पुलिस टीम ने युवती की तलाश शुरू की।
पुलिस के मुताबिक थाना मछरेहटा में दर्ज मामले से संबंधित युवती को 12 सितंबर 2026 को करीब रात 12:05 बजे थाना गाजीपुर, जनपद लखनऊ क्षेत्र से सकुशल बरामद कर लिया गया। पुलिस द्वारा मामले में आवश्यक अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।
कार्रवाई में थानाध्यक्ष रजनीश कुमार वर्मा, उपनिरीक्षक गजेन्द्र राम खरवार, हेड कांस्टेबल योगेन्द्र पटेल, कांस्टेबल नदीम तथा महिला कांस्टेबल योगिता शामिल रहीं।








