
हरदोई मल्लावां क्षेत्र में गंगा एक्सप्रेसवे पर सोमवार सुबह तेज रफ्तार के कारण एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। प्रयागराज से मेरठ की ओर जा रहा लोहे के तार लदा ट्रक अनियंत्रित होकर एक्सप्रेसवे की पटरी तोड़ते हुए नीचे पलट गया। हादसे में ट्रक बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया, लेकिन चालक और क्लीनर बाल-बाल बच गए।
जानकारी के अनुसार दिनांक 28 जुलाई को सुबह एक ट्रक तेज रफ्तार से प्रयागराज की ओर से मेरठ जा रहा था। मल्लावां क्षेत्र में पोल संख्या 353 के पास चालक ने नियंत्रण खो दिया। ट्रक डिवाइडर तोड़कर सर्विस रोड की तरफ पलट गया।
ट्रक में लोहे के तार के बंडल लदे हुए थे। हादसे के समय ट्रक में चालक इंद्र कुमार यादव पुत्र जौहरी यादव निवासी झारखंड और क्लीनर विकास सवार थे। दोनों को मामूली चोटें आई हैं।
घटना की सूचना मिलते ही मल्लावां कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त ट्रक को क्रेन की मदद से हटवाकर यातायात बहाल कराया। साथ ही मामले की जांच शुरू कर दी है।
अधिकारियों ने चालकों से अपील की है कि एक्सप्रेसवे पर निर्धारित गति सीमा का पालन करें, जिससे इस तरह की घटनाओं से बचा जा सके।









