
पिहानी
हरदोई
हरदोई के पिहानी क्षेत्र में जमीन विवाद को लेकर करीब 50 लोगों ने एक बुजुर्ग महिला और उनके परिजनों पर लाठी डंडों और असलहों से हमला कर दिया। आरोप है कि हमलावरों ने जातिसूचक गालियां देते हुए बुरी तरह मारपीट की जिससे महिला समेत चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
पुलिस ने इस मामले में ग्राम प्रधान के परिजनों सहित कई नामजद और 20 अज्ञात लोगों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की गंभीर धाराओं और SC ST Act के तहत मुकदमा दर्ज किया है।
पुलिस को दिए गए प्रार्थना पत्र में कोतवाली देहात क्षेत्र के रामनगर गांव निवासी रमका पत्नी स्व छोटेलाल ने बताया कि उनकी जमीन खसरा संख्या 348ब दरियाबाद गांव में है जिस पर वे बैनामे के आधार पर काबिज हैं। शनिवार दोपहर करीब 12 बजकर 30 मिनट पर रमका अपने पुत्र नत्थूलाल पौत्र विमलेश कुमार ब्रम्हेश कुमार और गिरिराज किशोर के साथ खेत पर जुताई करवाने गई थीं।
रमका के अनुसार इसी दौरान रहीमपुर गांव के निवासी और प्रधान राकेश कुमार कश्यप के पक्ष के अभिनव कश्यप विमल कुमार जगतपाल मुन्नाल और 20 अन्य लोग लाठी डंडे तथा अवैध असलहे लेकर खेत पर आ गए और बिना किसी पूर्व बातचीत के हमला कर दिया। आरोपियों ने जातिसूचक गालियां देते हुए परिवार के साथ मारपीट की।
पिहानी के प्रभारी निरीक्षक ने मामले की गंभीरता को देखते हुए BNS की धारा 3(5) 115(2) 351(3) 352 और SC ST Act की धारा 3(2)va व 3(1)ध के तहत एफआईआर दर्ज की है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।









