
सीतापुर सिधौली तहसील क्षेत्र के ग्राम कोड़रिया निवासी किसान विद्यासागर सिंह ने अपने खेत से सोलर पैनल चोरी होने के मामले में थाना अटरिया पुलिस पर गंभीर आरोप लगाए हैं। किसान का कहना है कि चोरी की घटना होने के बावजूद थाना प्रभारी लाल बहादुर मिश्रा द्वारा मामले में तत्काल एफआईआर दर्ज नहीं की जा रही है और घटना को दबाने का प्रयास किया जा रहा है।
पीड़ित किसान के अनुसार, उन्होंने कृषि विभाग की कुसुम योजना के तहत अपने खेत में सिंचाई के लिए 3 एचपी क्षमता का सोलर पंप लगवाया था। सोमवार 3 अगस्त 2026 की सुबह लगभग 5 बजे जब वह खेत पहुंचे तो देखा कि सोलर प्लांट की 9 सोलर प्लेटें चोरी हो चुकी थीं। इससे उन्हें भारी आर्थिक नुकसान हुआ है।
पीड़ित ने थाना अटरिया में लिखित तहरीर देकर अज्ञात चोरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की मांग की है। उनका आरोप है कि शिकायत देने के बावजूद पुलिस ने अब तक कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की है।
ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में लगातार चोरी की घटनाएं हो रही हैं, लेकिन समय पर कार्रवाई न होने से चोरों के हौसले बुलंद हैं। लोगों ने पुलिस प्रशासन से शीघ्र एफआईआर दर्ज कर चोरी का खुलासा करने और दोषियों की गिरफ्तारी की मांग की है।
इस संबंध में थाना अटरिया पुलिस का आधिकारिक पक्ष सामने नहीं आया है। यदि पुलिस या थाना प्रभारी का बयान प्राप्त होता है, तो उसे भी प्रमुखता से प्रकाशित किया जाएगा।









