
कन्नौज जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी संदीप कुमार ने बताया कि जनपद कन्नौज में परिषदीय विद्यालयों के विद्यार्थियों को आधुनिक एवं गुणवत्तापूर्ण शिक्षा से जोड़ने के साथ-साथ उनके सर्वांगीण विकास, आत्मनिर्भरता एवं आत्मविश्वास को बढ़ाने के लिए निरंतर प्रभावी प्रयास किए जा रहे हैं। शिक्षा के साथ तकनीकी ज्ञान और आत्मरक्षा जैसी उपयोगी गतिविधियों को बढ़ावा देकर विद्यार्थियों को भविष्य की चुनौतियों के लिए तैयार किया जा रहा है।
इसी क्रम में जिला पंचायती राज विभाग द्वारा संचालित 84 डिजिटल लाइब्रेरी विद्यार्थियों के लिए ज्ञान और तकनीक के समन्वय का प्रभावी माध्यम बन रही हैं। इन डिजिटल लाइब्रेरियों में आसपास के परिषदीय विद्यालयों के विद्यार्थियों को पुस्तकों के साथ डिजिटल शैक्षिक सामग्री, ई-कंटेंट एवं ज्ञानवर्धक संसाधनों का लाभ मिल रहा है। विद्यार्थी नियमित रूप से यहां अध्ययन एवं विभिन्न शैक्षिक गतिविधियों में प्रतिभाग कर रहे हैं।
इंदुइयागंज डिजिटल लाइब्रेरी में कम्पोजिट विद्यालय इंदुइयागंज, सैयदपुर सकरी, सौरिख रूरल में संबंधित परिषदीय विद्यालय, खानपुर में कम्पोजिट विद्यालय खानपुर, नगला ददिया तथा सहिल्लापुर में संबंधित विद्यालयों के विद्यार्थी इसका लाभ उठा रहे हैं।
इसके साथ ही बालिकाओं एवं विद्यार्थियों में आत्मविश्वास, सजगता एवं आत्मनिर्भरता विकसित करने के उद्देश्य से विभिन्न परिषदीय विद्यालयों में आत्मरक्षा प्रशिक्षण भी कराया जा रहा है। प्रशिक्षण में विद्यार्थियों को विपरीत परिस्थितियों में स्वयं की सुरक्षा, सतर्कता, आत्मसंयम तथा साहसपूर्वक परिस्थितियों का सामना करने के व्यावहारिक गुर सिखाए जा रहे हैं।
जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ने कहा कि डिजिटल शिक्षा और आत्मरक्षा प्रशिक्षण विद्यार्थियों को ज्ञानवान, तकनीकी रूप से दक्ष, सजग, आत्मविश्वासी एवं आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल हैं। विभाग का उद्देश्य प्रत्येक विद्यार्थी को सुरक्षित, आधुनिक, सकारात्मक एवं अवसरों से भरपूर शैक्षिक वातावरण उपलब्ध कराना है।









