
सांडी,
हरदोई के सांडी थाना क्षेत्र के एक गांव में इंसानियत को शर्मसार करने वाली घटना सामने आई है। एक महिला ने गांव के ही युवक पर छेड़छाड़, मारपीट और कपड़े फाड़ने का आरोप लगाया है। पुलिस ने पहले मामला टाल दिया, फिर कोर्ट के आदेश पर आरोपी के खिलाफ केस दर्ज हुआ है।
*पानी पीने पर 15 साल के बच्चे को पीटा -*
पीड़िता ने बताया कि 20 जून 2026 को शाम करीब 5 बजे उसका 15 वर्षीय बेटा अपने खेत में बकरी चरा रहा था। प्यास लगने पर वह गांव के ही शिव प्रताप सिंह के खेत में लगे नल पर पानी पीने चला गया। इसी बात से नाराज होकर शिव प्रताप सिंह ने उसके बेटे को गाली-गलौज की और लात-घूंसों व लाठी-डंडों से बेरहमी से पीट दिया।
*उलाहना देने गई तो माँ से छेड़छाड़ -*
बेटे की पिटाई का उलाहना देने जब महिला आरोपी शिव प्रताप सिंह के घर गई, तो आरोपी ने उसका हाथ पकड़कर बुरी नियत से खींच लिया। महिला का आरोप है कि आरोपी ने उसके कपड़े फाड़ दिए और उसके साथ मारपीट भी की।
*थाने से टरका दिया, फिर कोर्ट गई महिला -*
महिला इस मामले में रिपोर्ट दर्ज कराने सांडी थाने गई, लेकिन पुलिस ने उसे नीली पर्ची थमाकर जांच की बात कहकर टरका दिया। इसके बाद महिला ने पुलिस अधीक्षक और अन्य उच्च अधिकारियों को शिकायती पत्र दिए। कोई कार्रवाई न होने पर उसने न्यायालय की शरण ली।
न्यायालय के आदेश पर आरोपी शिव प्रताप सिंह के विरुद्ध छेड़छाड़ और मारपीट का मुकदमा दर्ज किया गया है। प्रभारी निरीक्षक पुष्पराज कुशवाहा ने शुक्रवार को बताया कि मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।








