
हरपालपुर, हरदोई
हरदोई जिले के हरपालपुर कोतवाली क्षेत्र के जोधनपुरवा गांव में शुक्रवार सुबह एक घर के बाहर हैंड ग्रेनेड मिलने से हड़कंप मच गया।
गांव निवासी सतीश कुमार ने पुरानी रंजिश के चलते सांडी क्षेत्र के अपने रिश्तेदारों पर घर में हैंड ग्रेनेड फेंकने का आरोप लगाया है। सतीश के अनुसार, गुरुवार रात खाना खाते समय उनके घर में रखी पन्नी / तिरपाल पर कोई संदिग्ध वस्तु गिरी थी। आवाज सुनकर उन्होंने देखा तो वह बम जैसा कुछ था। डर के मारे उन्होंने सावधानीपूर्वक लकड़ी की मदद से उसे पन्नी में लपेटकर घर से बाहर खेत में कर दिया था। सुबह ग्रामीणों को दिखाया, जिसके बाद डायल-112 को सूचना दी गई।
पुलिस की त्वरित और सराहनीय कार्रवाई
सूचना मिलते ही हरपालपुर पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए त्वरित कार्रवाई की। डायल-112 की टीम लगभग 10 मिनट में मौके पर पहुंच गई और बड़ी सूझबूझ के साथ इलाके को सुरक्षित करते हुए हैंड ग्रेनेड को अपने कब्जे में ले लिया। पुलिस की इस मुस्तैदी से गांव में बड़ा हादसा टल गया। ग्रामीणों ने पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई की सराहना की है।
इस मामले में सीओ हरपालपुर प्रवीण यादव ने बताया कि बम निरोधक दस्ते को सूचित कर दिया गया है। दस्ता मौके पर पहुंचकर हैंड ग्रेनेड की जांच करेगा और नियमानुसार उसे निष्क्रिय किया जाएगा। पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है और आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।








