
कन्नौज रक्षाबंधन पर्व के दृष्टिगत जनपद में सुरक्षा एवं कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने के लिए 27 अगस्त 2026 को कन्नौज रेलवे स्टेशन सहित अन्य महत्वपूर्ण स्थानों पर विशेष चेकिंग अभियान चलाया गया।
अपर पुलिस अधीक्षक अजय कुमार एवं क्षेत्राधिकारी नगर शिल्पा वर्मा के नेतृत्व में पुलिस टीम ने डॉग स्क्वॉड और रेलवे पुलिस के साथ रेलवे स्टेशन परिसर में यात्रियों, संदिग्ध व्यक्तियों एवं सामान की सघन जांच की। इस दौरान प्लेटफॉर्म, प्रतीक्षालय सहित स्टेशन परिसर के विभिन्न महत्वपूर्ण स्थानों को डॉग स्क्वॉड की सहायता से चेक किया गया।
अभियान के दौरान पुलिस अधिकारियों ने यात्रियों और आमजन से संवाद कर सुरक्षा व्यवस्था के संबंध में आवश्यक जानकारी दी। साथ ही लोगों से अपील की गई कि यदि उन्हें कोई संदिग्ध व्यक्ति या वस्तु दिखाई देती है तो इसकी सूचना तत्काल पुलिस को दें।
रक्षाबंधन पर्व को देखते हुए जनपद पुलिस द्वारा रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड, सार्वजनिक स्थलों और अन्य महत्वपूर्ण स्थानों पर लगातार निगरानी एवं सतर्कता बरती जा रही है। पुलिस बल को सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए पूरी तरह सतर्क और मुस्तैद रहने के निर्देश दिए गए हैं।









