
फर्रुखाबाद कमालगंज थाना क्षेत्र में रविवार को एक तेज रफ्तार एम्बुलेंस ने बाइक सवार को जोरदार टक्कर मार दी। हादसा खुदागंज गांव में हनुमान मंदिर के पास हुआ। हादसे में बाइक सवार युवक गंभीर रूप से जख्मी हो गया।
जानकारी के मुताबिक, रामपुर निवासी प्रवीण सिंह पुत्र वीरेंद्र सिंह बाइक से गुरसहायगंज की तरफ जा रहे थे। वह जैसे ही खुदागंज स्थित हनुमान मंदिर के पास पहुंचे, पीछे से फर्रुखाबाद की ओर से आ रही एम्बुलेंस ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी।
टक्कर लगते ही प्रवीण सिंह बाइक समेत सड़क पर गिर पड़े और गंभीर रूप से घायल हो गए। मौके पर चीख-पुकार मच गई और आसपास के लोग दौड़कर पहुंचे। स्थानीय लोगों ने ही घायल को उठाया और तत्काल मदद पहुंचाई।
घायल अवस्था में प्रवीण को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कमालगंज ले जाया गया, जहां डॉक्टरों की निगरानी में उनका इलाज चल रहा है। घटना की खबर लगते ही परिजन भी अस्पताल पहुंच गए, परिवार में चिंता का माहौल है।
ग्रामीणों का कहना है कि खुदागंज हनुमान मंदिर वाला मार्ग काफी व्यस्त रहता है और तेज गति से वाहन चलने के कारण आए दिन हादसे का डर बना रहता है।
पुलिस को घटना की सूचना दे दी गई है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।









