
हरदोई बिलग्राम तहसील में जोरदार प्रदर्शन, FIR दर्ज न होने से नाराज कार्यकर्ताओं ने उठाए पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल
हरदोई। डेढ़ लाख रुपये की कथित लोन ठगी के मामले में एफआईआर दर्ज न होने को लेकर सोमवार को बिलग्राम तहसील परिसर में हिंदू सुरक्षा सेवा संघ के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने पुलिस प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए मामले में निष्पक्ष जांच और तत्काल कार्रवाई की मांग उठाई।
संगठन की ओर से बताया गया कि हिंदू सुरक्षा सेवा संघ के जिला उपाध्यक्ष धर्मेंद्र राठौर, निवासी ग्राम हीरापुर, थाना बिलग्राम ने अमितेंद्र सिंह, निवासी कोतवाली शहर, हरदोई के खिलाफ लोन स्वीकृत कराने के नाम पर ₹1.50 लाख की कथित ठगी किए जाने का आरोप लगाते हुए 15 अगस्त 2026 को थाना बिलग्राम में लिखित तहरीर दी थी।
प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि तहरीर की रिसीविंग मिलने के बावजूद मामले में एफआईआर दर्ज नहीं की गई। इसी को लेकर संगठन के कार्यकर्ताओं में नाराजगी बढ़ती गई और सोमवार को तहसील परिसर में प्रदर्शन कर पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े किए गए।
प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने पुलिस प्रशासन से सवाल किया कि यदि किसी पीड़ित द्वारा लिखित शिकायत दी गई है तो उसकी निष्पक्ष जांच कर नियमानुसार मुकदमा दर्ज करने की कार्रवाई क्यों नहीं की गई। कार्यकर्ताओं ने मामले की जांच कर दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की मांग की।
बताया गया कि प्रदर्शन के दौरान पुलिस-प्रशासन की ओर से कार्रवाई का आश्वासन दिए जाने के बाद धरना समाप्त किया गया।
अब देखने वाली बात यह होगी कि डेढ़ लाख रुपये की कथित लोन ठगी के इस मामले में पुलिस एफआईआर दर्ज कर जांच आगे बढ़ाती है या फिर मामला कागजी कार्रवाई तक ही सीमित रहता है।









