
हरदोई सवायजपुर उत्तर प्रदेश के हरदोई जिले में गंगा एक्सप्रेसवे पर गुरुवार दोपहर एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। यात्रियों से खचाखच भरी एक प्राइवेट डबल डेकर स्लीपर बस अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गई। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई।
मिली जानकारी के अनुसार विजय टूर एंड ट्रेवल्स की बस नंबर UP81BT7608 लुधियाना पंजाब से सवारियों को लेकर उत्तर प्रदेश के उन्नाव जिले के बांगरमऊ जा रही थी। जैसे ही बस गंगा एक्सप्रेसवे के किलोमीटर संख्या 286 के पास पहुंची, तभी अचानक बस का संतुलन बिगड़ गया और बस अनियंत्रित होकर पलट गई। बताया जा रहा है कि बस में करीब 60 यात्री सवार थे।
बस पलटते ही बस में सवार यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। इस दुर्घटना में 10 यात्रियों को चोटें आई हैं। गनीमत रही कि किसी भी यात्री को गंभीर चोट नहीं आई, नहीं तो बड़ा हादसा हो सकता था।
घटना की सूचना मिलते ही थाना प्रभारी अपनी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। स्थानीय लोगों की मदद से पुलिस ने बस में फंसे यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला। घायल यात्रियों को 108 एंबुलेंस की मदद से उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सवायजपुर भेजा गया, जहां सभी घायलों का इलाज किया जा रहा है।
बताया जा रहा है कि हादसा होते ही बस चालक और कंडक्टर बस छोड़कर मौके से फरार हो गए। पुलिस ने बस को कब्जे में ले लिया है और फरार चालक-कंडक्टर की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि हादसे के सही कारणों का अभी पता लगाया जा रहा है। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार को हादसे की वजह माना जा रहा है। पुलिस ने इस संबंध में आवश्यक विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।








