
हरदोई सांडी थाना क्षेत्र के कोले गांव में एक 65 वर्षीय वृद्ध के नाले में डूबने से हड़कंप मच गया। वृद्ध रविवार शाम से लापता है।
जानकारी के अनुसार, थाना क्षेत्र के कोले गांव निवासी रघुनाथ (65) पुत्र तोताराम रविवार की शाम रोज की तरह भैंस चराने के लिए घर से निकले थे। देर शाम तक जब वह घर वापस नहीं लौटे, तो परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की। काफी खोजबीन के बाद भी उनका कोई पता नहीं चला।
ग्रामीणों ने बताया कि इन दिनों गर्रा नदी में बाढ़ आई हुई है, जिसके चलते गांव के पास से निकला नाला भी उफान पर है और बाढ़ की चपेट में है। आशंका जताई जा रही है कि भैंस चराकर लौटते समय नाला पार करते वक्त रघुनाथ तेज बहाव में बह गए और डूब गए।
सोमवार सुबह ग्रामीणों ने एक बार फिर नाले में उतरकर रघुनाथ को ढूंढने का प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिली। इसके बाद ग्रामीणों ने घटना की सूचना सांडी थाना पुलिस को दी।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने मौका मुआयना किया और मामले की गंभीरता को देखते हुए एसडीआरएफ टीम को सूचना दी। एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंचकर नाले में वृद्ध की तलाश में जुटी हुई है।








