
हरदोई के हरपालपुर थाना क्षेत्र के बेहटा रमपुरा गांव में नाली के पानी के निकास और सफाई को लेकर हुआ विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। आरोप है कि कहासुनी के बाद पड़ोसियों ने क्षेत्र पंचायत सदस्य प्रेमादेवी और उनके 18 वर्षीय बेटे धीरेन्द्र पर लाठी-डंडों और ईंट-पत्थरों से हमला कर दिया। हमले में गंभीर रूप से घायल बीएससी द्वितीय वर्ष के छात्र धीरेन्द्र की मौत हो गई, जबकि उनकी मां प्रेमादेवी गंभीर रूप से घायल हैं।
परिजनों के मुताबिक, पड़ोसी की ओर से आ रहे गंदे पानी और नाली की सफाई को लेकर विवाद शुरू हुआ था। इसी दौरान दोनों पक्षों में कहासुनी और मारपीट हो गई। आरोप है कि घटना की जानकारी मिलने पर धीरेन्द्र मौके पर पहुंचा, जहां उस पर हमला कर दिया गया। बीच-बचाव करने पहुंची उसकी मां भी हमले की चपेट में आ गईं।
घायल मां-बेटे को तत्काल हरपालपुर सीएचसी ले जाया गया। हालत गंभीर होने पर दोनों को हरदोई मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया। धीरेन्द्र की हालत बिगड़ने पर डॉक्टरों ने उसे लखनऊ ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया, लेकिन लखनऊ ले जाते समय रास्ते में उसकी मौत हो गई।
18 वर्षीय धीरेन्द्र बीएससी द्वितीय वर्ष का छात्र था। उसकी मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। घटना के बाद गांव में तनाव को देखते हुए चार थानों की पुलिस तैनात की गई है।
हरपालपुर थाना प्रभारी निरीक्षक संदीप शुक्ला के मुताबिक, क्षेत्र पंचायत सदस्य के पति की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने एक आरोपी को हिरासत में लिया है और अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए टीमें लगाई गई हैं।

मामूली नाली विवाद में एक 18 वर्षीय छात्र की मौत ने गांव को झकझोर दिया है। अब पुलिस की कार्रवाई और आरोपियों की गिरफ्तारी पर सभी की निगाहें टिकी हैं।








