
राहत एवं बचाव कार्यों को प्रभावी ढंग से संचालित करने के दिए निर्देश
हरदोई जिलाधिकारी श्री अनुनय झा एवं पुलिस अधीक्षक श्री अशोक कुमार मीणा द्वारा संयुक्त रूप से तहसील बिलग्राम के बाढ़ प्रभावित ग्राम तिलमई खेड़ा और मालवा अखवेलपुर का सघन निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने बाढ़ की वर्तमान स्थिति, जलस्तर एवं ग्रामीणों को हो रही कठिनाइयों की विस्तृत जानकारी ली। उन्होंने उपस्थित उप जिलाधिकारी, तहसीलदार एवं सम्बंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देशित किया कि राहत एवं बचाव कार्यों का प्रभावी एवं तत्परता से क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाए, जिससे ग्रामीणों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि राजस्व टीम द्वारा बाढ़ से हुई फसल क्षति, गृह क्षति एवं अन्य क्षति का त्वरित आंकलन कराया जाए। आंकलन पूर्ण होते ही पात्र प्रभावित परिवारों को अनुमन्य मुआवजा राशि शीघ्र वितरित की जाए। इसमें किसी भी प्रकार की शिथिलता क्षम्य नहीं होगी।
भ्रमण के दौरान जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक द्वारा प्राथमिक विद्यालय तिलमई खेड़ा में स्थापित बाढ़ चौकी / बाढ़ शरणालय का निरीक्षण किया गया। शरणालय में रह रहे लोगों से जिलाधिकारी ने सीधा संवाद कर भोजन, पेयजल, शौचालय एवं प्रकाश व्यवस्था आदि के संबंध में जानकारी ली तथा सभी व्यवस्थाएं दुरुस्त रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शरणालय में रह रहे प्रत्येक व्यक्ति को सम्मान के साथ सभी मूलभूत सुविधाएं मिलनी चाहिए।
उन्होंने शरणालय में लगाए गए चिकित्सा शिविर का भी निरीक्षण किया एवं दवाओं की उपलब्धता, मरीजों की संख्या तथा सामान्य बीमारियों के संबंध में जानकारी ली। चिकित्सा विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया कि बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में सर्पदंश, बुखार, डायरिया, त्वचा रोग आदि की दवाओं की पर्याप्त उपलब्धता हर समय सुनिश्चित रखी जाए तथा चिकित्सकों की टीम निरंतर सक्रिय रहे।
जिलाधिकारी ने ग्रामीणों को आश्वस्त किया कि जिला प्रशासन आपकी सेवा में सदैव तत्पर है। घबराने की आवश्यकता नहीं है, प्रशासन हर कदम पर आपके साथ है।

अंत में जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक द्वारा बाढ़ शरणालय में उपस्थित बच्चों, महिलाओं एवं बुजुर्गों को फल, बिस्किट आदि का वितरण किया गया तथा स्वास्थ्य के प्रति जागरूक किया गया। पुलिस अधीक्षक श्री अशोक कुमार मीणा ने पुलिस अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान उप जिलाधिकारी बिलग्राम सहित राजस्व, पुलिस, स्वास्थ्य एवं अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।








