
कन्नौज पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार एवं अपर पुलिस अधीक्षक अजय कुमार के निर्देशन तथा क्षेत्राधिकारी यातायात मयंक मिश्रा एवं कार्यवाहक प्रभारी यातायात राम प्रताप सिंह के पर्यवेक्षण में मंगलवार को यातायात जागरूकता अभियान चलाया गया।
टीएसआई अरशद अली ने कस्बे के पूर्वी बाईपास, सौरिख तिराहा, फतेहगढ़ चौराहा आदि स्थानों पर आमजन को यातायात नियमों के प्रति जागरूक किया। उन्होंने कहा कि सभी लोग स्वयं यातायात नियमों को जानें और दूसरों को भी पालन करने के लिए प्रेरित करें।
इसी दौरान टीएसआई द्वारा 12 सितम्बर 2026 को प्रस्तावित राष्ट्रीय लोक अदालत से संबंधित हैंडबिल का वितरण भी किया गया। उन्होंने आमजन से अपील की कि जिन लोगों के वाहनों पर चालान लंबित हैं, वे 12 सितम्बर को न्यायालय परिसर, कन्नौज में आयोजित राष्ट्रीय लोक अदालत में पहुंचकर अपने चालानों का निस्तारण अवश्य करा लें।
राष्ट्रीय लोक अदालत में वाहन चालान के अलावा समझौता योग्य आपराधिक मामले, पारिवारिक विवाद, भरण-पोषण, संपत्ति विवाद, बैंक वसूली, मोटर दुर्घटना मुआवजा, चेक बाउंस, श्रम विभाग, बिजली-पानी बिल जैसे मामलों का भी निस्तारण किया जाएगा।
इस अभियान में मुख्य आरक्षी अजय प्रताप, आरक्षी विनोद कुमार, होमगार्ड राजेश आदि मौजूद रहे।








