
लखनऊ
चिनहट के देवा रोड स्थित धावा गांव के ‘रेड बिल्डिंग गेस्ट हाउस’ में बुधवार को प्रेमी युगल के शव फंदे से लटके मिले। दोनों करीब 17 दिनों से गेस्ट हाउस के कमरा नंबर 101 में रुके हुए थे।
हरदोई के रहने वाले थे प्रेमी युगल
चिनहट पुलिस के अनुसार मृतकों की पहचान हरदोई के हरपालपुर निवासी अमित कुमार (22) पुत्र ओमप्रकाश, निवासी अवरलपुरब और नरगिस (19) पुत्री उस्मान, निवासी पलिया पंचशाला के रूप में हुई है। दोनों 23 अगस्त से गेस्ट हाउस में ठहरे हुए थे।
बुधवार को जब गेस्ट हाउस संचालक को कमरे में दोनों के फंदे से लटके होने की जानकारी हुई, तो उसने तत्काल पुलिस को सूचना दी। इंस्पेक्टर चिनहट दिनेश चंद्र मिश्रा टीम के साथ मौके पर पहुंचे। फॉरेंसिक टीम ने भी साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
छानबीन के दौरान कमरे से एक सुसाइड नोट और मैरिज सर्टिफिकेट बरामद हुआ है। आशंका जताई जा रही है कि दोनों ने परिजनों की मर्जी के खिलाफ प्रेम विवाह किया था।
शुरुआती तफ्तीश में सामने आया है कि घर से फरार होने के बाद से दोनों परिवारों की ओर से लगातार दबाव बनाया जा रहा था। शादी को लेकर परिजनों की रजामंदी न होने से दोनों गहरे तनाव में थे और इसी वजह से उन्होंने यह आत्मघाती कदम उठाया।
पुलिस सुसाइड नोट, मैरिज सर्टिफिकेट के साथ-साथ मृतकों के मोबाइल फोन और अन्य साक्ष्यों की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत की असली वजह स्पष्ट होगी।








